राजस्थान बीकानेर खबर:- कांग्रेस जिला अध्यक्ष और पूर्व IPS अधिकारी मदन गोपाल मेघवाल के साथ पार्टी के ही कुछ नाराज कार्यकर्ताओं द्वारा सरेआम मारपीट और थप्पड़-मुक्के मारने का मामला सामने आया है। यह घटना बीकानेर में होने वाले स्थानीय निकाय (नगर निगम) चुनावों के लिए टिकट वितरण के विवाद को लेकर हुई है।
मदन गोपाल मेघवाल वहां कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी नवरतन डागा के नए चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे थे। वार्ड 50 से कांग्रेस कार्यकर्ता मोहित अरोड़ा टिकट की मांग कर रहे थे। टिकट नहीं मिलने से वे और उनके समर्थक बेहद नाराज थे।
आरोप है कि मोहित अरोड़ा और उनके साथियों ने मेघवाल को 'अंकल' कहकर आदर से बुलाया और माला पहनाने व मुंह मीठा कराने के बहाने भीड़ से थोड़ा अलग ले गए। अलग ले जाने के बाद उन्होंने पूछा, "मुझे टिकट क्यों नहीं दिया?" इसके बाद आरोपियों ने उन पर थप्पड़ और मुक्के बरसाने शुरू कर दिए, उनका कुर्ता फाड़ दिया और "टिकट चोर" के नारे लगाए।