रेवाडी में DMC के सामने खुली नगर परिषद की पोल:पार्षदों ने बताईं शहर की बदहाली, बोले-अगली जांच तक पूरा होना चाहिए काम
पार्षदों का कहना था कि शहर के कई वार्डों में नियमित सफाई नहीं हो रही है। सफाई कर्मचारी समय पर नहीं पहुंचते और घर-घर से कचरा उठाने वाली गाड़ियां भी कई जगह नियमित नहीं आतीं। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। इसके अलावा नालियों की सफाई नहीं होने, सड़कों की खराब हालत और बेसहारा गौवंश की समस्या से भी डीएमसी को अवगत कराया गया।
शिकायतें सुनते ही पार्षदों को साथ लेकर निकले डीएमसी
पार्षदों की शिकायतें सुनने के बाद डीएमसी ने स्थिति को केवल अधिकारियों की रिपोर्ट तक सीमित रखने के बजाय खुद मौके पर जाकर देखने का फैसला किया। वे पार्षदों और अधिकारियों को साथ लेकर नगर परिषद परिसर से बाहर निकले और भादवास गेट तक पैदल निरीक्षण किया।
100 कदम पर मिली 100 समस्याएं
महज 100 कदम की दूरी में ही खुल गई नगर परिषद की व्यवस्था की पोल। रास्ते में ही सफाई व्यवस्था की स्थिति सामने आने लगी। भादवास गेट पर पहुंचने के बाद तो समस्याओं की लंबी सूची सामने थी। भरी हुई नालियां, सड़क पर जमा कीचड़ और पानी, बदहाल शौचालय और अन्य अव्यवस्थाएं देखकर डीएमसी ने संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही जानकारी ली।
जिस भाडावास गेट का हिस्सा गिरने से हुई थी मौत
भाडावास गेट का वह हिस्सा भी निरीक्षण के दौरान डीएमसी के सामने आया, जिसके गिरने से पहले एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। इसके आसपास की स्थिति भी बेहतर नहीं मिली। नालियां गंदगी से भरी थीं और सड़क पर पानी व कीचड़ जमा था। शौचालयों की हालत भी खराब मिली।
निरीक्षण के दौरान एक बरमा भी लगा हुआ मिला, लेकिन उसमें पानी नहीं आ रहा था। स्थिति देखकर डीएमसी ने तत्काल जेई कुशल को मौके पर बुलाया। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को अलग-अलग समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
सोमवार को फिर आएंगे, तब देखेंगे कितना हुआ काम
डीएमसी प्रदीप अहलावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौके पर बताई गई समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोमवार को वे दोबारा भादवास गेट का निरीक्षण करेंगे और तब तक संबंधित कार्य पूरे होने चाहिए।
अब सोमवार का निरीक्षण नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी परीक्षा की घड़ी होगा। वर्षों से पार्षदों और स्थानीय लोगों की ओर से उठाई जा रही समस्याओं पर अब डीएमसी के निर्देश के बाद कितना काम होता है, यह सोमवार को होने वाले दोबारा निरीक्षण में सामने आएगा
Rewari, Rewari | Sep 10, 2026