आपसी कहासुनी की रंजिश में घर पर पहुंचकर जानलेवा हमला व फायरिंग करने के मामले में 2 और आरोपी गिरफ्तार।
आरोपियों के कब्जा से 1 देशी पिस्टल व 1 देशी कट्टा बरामद।
अब तक मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, आरोपियों के कब्जा से एक रिवॉल्वर सहित कुल 3 अवैध हथियार बरामद।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 20 नवंबर । 20 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने थाना भोंडसी, गुरुग्राम की पुलिस टीम को एक लिखत शिकायत देकर बताया कि 20 अक्टूबर को इसकी ताई के निधन के बाद परिवार के सदस्य अंतिम संस्कार के लिए शमशान घाट गए हुए थे। इसी दौरान शमशान घाट के गेट पर कुछ व्यक्तियों की इसके भाई के साथ कहासुनी हो गई। कहासुनी के दौरान उन व्यक्तियों ने इसको व इसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी, फिर उसी दिन शाम के समय करीब 6 बजे वही व्यक्ति अपने 2-3 अन्य साथियों के साथ गांव गढ़ी बाजिदपुर स्थित इसके घर के पास पहुंचे और जान से मारने की नीयत से इन पर फायरिंग कर दी। उन्होंने घर की दीवारों एवं खिड़कियों पर भी गोलियां चलाईं। प्राप्त शिकायत पर थाना भोंडसी, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
उपरोक्त अभियोग में कार्यवाही करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-17, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने एक आरोपी को 6 नवंबर को पटौदी रोड फ्लाईओवर के नजदीक से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान जयवीर (उम्र 32 वर्ष), निवासी गांव खेड़ला, जिला गुरुग्राम के रूप में हुई।
आरोपी से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि शिकायतकर्ता पक्ष अपनी ताई के निधन के बाद अंतिम संस्कार के लिए शमशान घाट गया था, जहां शमशान में ये (आरोपी पक्ष) कुछ व्यक्ति नशा कर रहे थे। शिकायतकर्ता पक्ष द्वारा इन्हें वहां से जाने के लिए कहने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। इसी रंजिश के चलते यह (आरोपी जयवीर) अपने अन्य साथियों के साथ शिकायतकर्ता पक्ष के घर के पास पहुंचे और फायरिंग करने की वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी जयवीर के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि उसके खिलाफ हत्या, मारपीट एवं शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत गुरुग्राम में पहले से 4 अभियोग अंकित हैं। आरोपी जयवीर के कब्जा से 1 रिवॉल्वर भी बरामद की गई थी।
अपराध शाखा सेक्टर-17, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने उपरोक्त अभियोग में आगामी कार्यवाही करते हुए 2 अन्य आरोपियों को भी 17 नवंबर को राजीव चौक, गुरुग्राम के नजदीक से गिरफ्तार किया । गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निम्नलिखित है:
मुंदर (उम्र 27 वर्ष), निवासी गांव दमदमा, गुरुग्राम।
प्रवीण उर्फ टपली (उम्र 29 वर्ष), निवासी गांव खेड़ला, गुरुग्राम।
पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश करके 3 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों एवं अन्य पहलुओं के संबंध में गहनता से पूछताछ की गई तो आरोपियों ने उपरोक्त साथी आरोपी के साथ मिलकर उपरोक्त अभियोग की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड के अवलोकन से ज्ञात हुआ कि आरोपी प्रवीण उर्फ टपली के खिलाफ हत्या का प्रयास, मारपीट, शस्त्र अधिनियम, लूट एवं चोरी सहित विभिन्न अपराधों के गुरुग्राम में कुल 21 अभियोग पहले से अंकित हैं। वहीं आरोपी मुंदर के खिलाफ चोरी, लूट एवं हत्या सहित विभिन्न अपराधों के गुरुग्राम में कुल 7 अभियोग पहले से अंकित हैं।
पुलिस टीम ने पुलिस हिरासत रिमांड के दौरान गिरफ्तार किए गए उपरोक्त दोनों आरोपियों के कब्जा से 1 देशी पिस्टल व 1 देशी कट्टा बरामद किया है। इस प्रकार उपरोक्त अभियोग में अब तक कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनके कब्जा से एक रिवॉल्वर, एक देशी पिस्टल एवं एक देशी कट्टा सहित कुल 3 अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस टीम द्वारा आरोपियों को पुलिस हिरासत रिमांड के उपरान्त आज माननीय न्यायालय में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। अभियोग का अनुसंधान जारी है।
Jhajjar, Jhajjar | Nov 21, 2026