बेतिया के ऐतिहासिक रमना मैदान में आन-बान और शान के साथ फहराया तिरंगा: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रभारी मंत्री लखेंद्र पासवान ने किया ध्वजारोहण, पुरानी जगह पर कार्यक्रम होने से लोगों में भारी उत्साह
पश्चिम चंपारण बेतिया के ऐतिहासिक रमना मैदान में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरी आन-बान और शान के साथ धूमधाम से मनाया गया। मुख्य समारोह में जिले के प्रभारी मंत्री लखेंद्र पासवान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इस गरिमामय अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक चंपारण रेंज हरकिशोर राय जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह और पुलिस अधीक्षक गौतम कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विदित हो कि किन्हीं कारणों से पिछले कुछ समय से स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा था, जहां जगह के अभाव के कारण आम लोगों और दर्शकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस बार जिला प्रशासन द्वारा दोबारा ऐतिहासिक रमना मैदान में ही मुख्य झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित कराने से स्थानीय लोगों में जबरदस्त खुशी और उत्साह का माहौल देखा गया।
विशाल मैदान में पर्याप्त जगह होने के चलते जिले के कोने-कोने से बड़ी संख्या में आम नागरिक, गणमान्य लोग और स्कूली बच्चे समारोह देखने पहुंचे। ध्वजारोहण के बाद प्रभारी मंत्री ने भव्य परेड का निरीक्षण किया और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विकास और सुरक्षा के संकल्प को दोहराया। राष्ट्रगान की गूंज और देशभक्ति के नारों के साथ पूरा रमना मैदान तिरंगामय और गौरवशाली क्षणों का साक्षी बना।