सोनतलाई में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर आयोजित
-हितग्राहियों को मिले हितलाभ, आमजन की समस्याओं का हुआ निराकरण
अनोखा तीर, हरदा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को हरदा विकासखण्ड के ग्राम सोनतलाई में क्लस्टर स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किए गए। साथ ही आमजन की समस्याओं का निराकरण किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह, उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गेहलोत, मुख्य वन संरक्षक अशोक कुमार, कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, पुलिस अधीक्षक शशांक, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, वनमण्डलाधिकारी सामान्य श्रीमती ज्योति मुड़िया, वनमण्डलाधिकारी उत्पादन नरेन्द्र पण्डवा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। शिविर को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री शाह ने कहा कि आमजन की स्थानीय स्तर पर समस्याओं के निराकरण के लिये सरकार ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान प्रारम्भ किया है। सभी से अपेक्षा है कि वे अपनी समस्याएं प्रशासन के अधिकारियों के समक्ष रखें एवं निराकरण करवाएं। जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री गेहलोत ने कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारी संवेदनशीलता के साथ अभियान में आमजनों की समस्या का समाधान कर रहे हैं। ग्रामीणजन इस अभियान का लाभ लें। इस अवसर पर कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने कहा कि शिविर स्थल पर मेडिकल बोर्ड द्वारा दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनाये जा रहे हैं। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री, समग्र व आधार में सुधार, आयुष्मान कार्ड तैयार करने जैसे कार्य भी किये जा रहे है, जिससे ग्रामीण अपने कार्य स्थानीय स्तर पर करा सकते हैं। उन्होने किसानों से अपील की कि वे सहकारी समिति में अपनी सदस्यता अवश्य लें ताकि उर्वरक सुगमता से मिल सके। कलेक्टर ने बताया कि शिविर में ग्रामीणों से 225 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका समय सीमा में निराकरण कराया जा रहा है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री शशांक ने आमजन से दुपहिया वाहन पर हेल्मेट लगाने एवं कार में सीट बेल्ट अवश्य उपयोग करने की अपील की ताकि दुर्घटनाओं से बचाव हो सके। उन्होने सायबर फ्राड से बचने के लिये भी आमजन को जागरूक किया। शिविर में सफल उद्यमी ऋषभ शर्मा ने अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत 4 हितग्राहियों, मुख्यमंत्री कृषि सिंचाई योजना अंतर्गत 5, सामाजिक सहायता योजना अंतर्गत 7, संबल योजना अंतर्गत 2 एवं एनआरएलएम योजना अंतर्गत एक स्वसहायता समूह को हितलाभ भी प्रदान किए गए। इसके अलावा 64 विद्यार्थियों को साइकिलें प्रदान की गई, 4 हितग्राहियों को जाति प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए एवं 1 हितग्राही को अभिलेख दुरूस्ती के प्रमाण-पत्र प्रदान किए। शिविर में जनपद उपाध्यक्ष गौरीशंकर शर्मा व ग्राम सरपंच श्रीमती रजनी गोविन्द गोरिया भी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने ग्रामीण संस्थाओं का किया निरीक्षण
कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत सोनतलाई में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर वहां उपचार एवं टीकाकरण की व्यवस्थाएं देखीं। सहकारी समिति में खाद्यान्न एवं उर्वरक की वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा राशन पाने वालों की सूची से अपात्रों के नाम काटने के निर्देश दिए। उन्होने यहां उर्वरक भण्डारण का भी निरीक्षण किया। आंगनवाड़ी के निरीक्षण के दौरान कुपोषित बच्ची संध्या सरिता मिश्रीलाल को पोषण किट प्रदान किया। इस दौरान उन्होने हायर सेकण्ड्री स्कूल का निरीक्षण कर वहां शिक्षण व्यवस्थाएं देखीं एवं बच्चों के होमवर्क का भी निरीक्षण किया। स्कूल परिसर में मध्यान्ह भोजन पकाने की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए किचन शेड में उचित प्रकाश एवं एक्जास्ट फेन लगाने के निर्देश दिए।
Harda, Harda | Aug 15, 2026