मधुबनी गोलीकांड में बड़ा मोड़: फरार ASI चंद्रमोहन सिंह से मिलते-जुलते शव की बरामदगी, इलाके में सनसनी
बाबूबरही के बलिराजगढ़ में काले बैग के अंदर मिला चार-पांच दिन पुराना शव, पास से आधार कार्ड भी बरामद; पुलिस पहचान की पुष्टि में जुटी।
मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ में गुरुवार शाम एक काले बैग से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव के पास मिले आधार कार्ड पर एएसआई चंद्रमोहन सिंह का नाम लिखा होने की बात सामने आई है। इसके बाद शव के फरार एएसआई चंद्रमोहन सिंह का होने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, खेत में फसल काटने गई एक महिला ने काले बैग को देखकर ग्रामीणों को सूचना दी। बैग खोलने पर उसमें शव मिला। शव करीब चार-पांच दिन पुराना बताया जा रहा है। उसका चेहरा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। शव की वास्तविक पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
गौरतलब है कि 2 नवंबर की रात बलिराजगढ़ में एएसआई चंद्रमोहन सिंह पर ग्रामीणों पर फायरिंग करने का आरोप लगा था। इस घटना में अशोक यादव की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए थे। वारदात के बाद से चंद्रमोहन सिंह फरार चल रहे थे। फिलहाल पुलिस ने बरामद शव की पहचान चंद्रमोहन सिंह के रूप में आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Kahara, Saharsa | Nov 12, 2026