बागपत में पुलिस को देखकर भागा युवक, पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर पकड़ा, पूछताछ के बाद छोड़ा
बागपत। छपरौली कस्बे में पुलिस चेकिंग के दौरान एक युवक पुलिस टीम को देखकर अचानक भागने लगा। युवक के इस तरह भागने पर पुलिसकर्मियों ने उसे संदिग्ध मानते हुए पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़ लिया। पूछताछ के बाद युवक के खिलाफ कोई आपत्तिजनक तथ्य नहीं मिलने पर पुलिस ने उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना 3 अगस्त की शाम करीब 5 बजे की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज बाद में सामने आया। वीडियो में एक युवक को भागते हुए और उसके पीछे दो पुलिसकर्मियों को दौड़ते हुए देखा जा सकता है।
बताया गया कि पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान छपरौली कस्बे निवासी सलमान, जो कबाड़ी का काम करता है, की नजर पुलिस पर पड़ी और वह अचानक भागने लगा। युवक के इस व्यवहार को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़ लिया।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में युवक ने बताया कि वह स्थानीय निवासी है और पुलिस को देखकर डर की वजह से भाग गया था। जांच और पूछताछ के दौरान उसके खिलाफ कोई ऐसा तथ्य या संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई, जिसके आधार पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
छपरौली थाना प्रभारी प्रभाकर केन्तुरा ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए चेकिंग कर रही थी। युवक के अचानक भागने पर पुलिस ने पूरी सतर्कता के साथ उसका पीछा कर उसे रोका और पूछताछ की। संतोषजनक जवाब मिलने और कोई आपत्तिजनक तथ्य न पाए जाने पर उसे छोड़ दिया गया।
पुलिस ने युवक को भविष्य में किसी भी संदिग्ध गतिविधि से दूर रहने की सख्त चेतावनी भी दी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा के लिए नियमित चेकिंग अभियान जारी रहेगा तथा संदिग्ध परिस्थितियों में आवश्यक पूछताछ और जांच की जाएगी।
Baghpat Police DM Baghpat Zuber Ahmad Omdutt Sharma Bijendar Singh Salim Khan Devendra Chauhan Ankush Rathi