*मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जनजाति गौरव दिवस पर निवाली में आयोजित कार्यक्रम में हुए वर्चुअल सम्मिलित*
.......
*जनजातीय नायकों का बलिदान और आदर्श हमारी अमूल्य धरोहर: मुख्यमंत्री डॉ.यादव*
.....
*निवाली नगर में हुआ जननायक भगवान बिरसा मुंडा जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण*
......
*मुख्यमंत्री ने सामुदायिक एवं व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र के हितग्राहियों से वर्चुअली संवाद कर दी शुभकामनाएं*
भारतीय इतिहास के पन्नों पर अपनी वीरता, त्याग और अदम्य साहस की स्वर्णिक गाथा लिखने वाले जननायक 'धरती आबा' भगवान बिरसा मुंडा की पावन जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन करता हू।
आज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत गौरव और हर्ष का अवसर है, जब हम जनजाति गौरव दिवस पर जननायक, स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी एवं जनजातीय अस्मिता के प्रतीक भगवान बिरसा मुंडा जी की 151वीं जयंती मना रहे हैं। भगवान बिरसा मुंडा जी का जीवन त्याग, संघर्ष, साहस और स्वाभिमान की प्रेरणादायी गाथा है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज को अपने अधिकारों और संस्कृति के प्रति जागरूक किया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर बड़वानी जिले के निवाली नगर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान वर्चुअली जुड़कर अपने संबोधन में उक्त बातें कहीं। इस दौरान नगरीय प्रशासन मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय एवं गणमान्यजन श्री हेमंत खंडेलवाल भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और सर्वांगीण विकास के लिए प्रदेश सरकार संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करते हुए जनजातीय अंचलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना ही सरकार का प्रमुख ध्येय है। भगवान बिरसा मुंडा के साथ-साथ टंट्या मामा, भीमा नायक, रघुनाथ शाह, शंकर शाह और रानी दुर्गावती जैसे महान जननायकों का योगदान हमारी अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि निवाली नगर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण हमारे लिए अत्यंत गौरव का विषय है। आज भी भगवान बिरसा मुंडा का संघर्षपूर्ण जीवन, अदम्य साहस और प्रकृति संरक्षण का संदेश संपूर्ण राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है।
*हितग्राहियों से की वर्चुअली चर्चा*
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जी ने सामुदायिक वन संसाधनों की सुरक्षा एवं प्रबंधन अधिकार योजना के अंतर्गत ग्राम बोरकुंड के श्री बेरसिया मांगला एवं ग्राम डाबरी के मनीराम नानला से वर्चुअली चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा है कि पहली बार यह अधिकार जिले में जनजातीय समुदाय को दिए गए हैं। इसी प्रकार व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र योजना के तहत ग्राम आमझिरी के श्री अकरभाई धनसिंह को व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र के अंतर्गत 2.5 हेक्टेयर भूमि मिलने पर चर्चा कर बधाई दी। हितग्राहियों ने इस पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद ज्ञापित किया।
*प्रतिमा का अनावरण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां*
कार्यक्रम के दौरान जनजाति गौरव दिवस पर निवाली नगर में भगवान बिरसा मुंडा जी की मूर्ति का अनावरण जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल, पानसेमल विधायक श्री श्याम बरडे, पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी, श्री सुरेंद्र शर्मा, श्री बाबूलाल यादव और नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती तरुणा नरेंद्र सिसोदिया द्वारा किया गया।
इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी आश्रम, मॉडल स्कूल, खेल परिसर निवाली आदि के विद्यार्थियों द्वारा आदिवासी गीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। वहीं, ग्राम सांपखड़की के ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक ‘मोरपंखी नृत्य’ की विशेष प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल, पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ॰ सुमेर सिंह सोलंकी,पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री प्रेम सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री बलवंत सिंह पटेल,विधायक पानसेमल श्री श्याम बरडे, कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह,जिला पंचायत सदस्य श्री जुलाल वसावे, नगर परिषद निवाली अध्यक्ष श्रीमती तरुणा नरेंद्र सिसोदिया, पानसेमल जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शीला विनोद वसावे, नगर परिषद पानसेमल अध्यक्ष श्री शैलेश भंडारकर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि,ग्रामीणजन और प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
#JansamparkMP
#Badwani
Barwani, Madhya Pradesh | Nov 15, 2026