विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील समाधान तथा जिला प्रशासन एवं विद्यार्थियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 22.09.2026 को जिला प्रशासन, रोहतास द्वारा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में ‘विद्यार्थी सहयोग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को सुना गया। छात्रवृत्ति, प्रमाण-पत्र, परीक्षा, प्रशिक्षण, शैक्षणिक संसाधन, सरकारी योजनाओं का लाभ, कौशल विकास सहित विभिन्न विषयों से संबंधित प्राप्त आवेदनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर दर्ज कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजा गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए संबंधित संस्थानों में पंजीकरण, आवेदन प्राप्ति, सहायता काउंटर, कंप्यूटर एवं इंटरनेट सुविधा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। विद्यार्थियों को विभिन्न छात्रवृत्ति, कल्याणकारी योजनाओं, शैक्षणिक सहायता एवं कौशल विकास से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के नोडल पदाधिकारी श्री हिमांशु शेखर द्वारा कार्यक्रम की तैयारियों, संस्थानों के साथ समन्वय, आवेदन संधारण, पोर्टल पर प्रविष्टि एवं कार्यक्रम के उपरांत अनुश्रवण की प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है।
#IPRD
#BiharGovernment
#PublicService
#VidhyarthiSahyogShivir
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Sep 22, 2026