सरस्वती नगर/यमुनानगर, 24 जुलाई- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, यमुनानगर एवं जिला शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सरस्वती नगर स्थित जनता ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में मेगा लीगल सर्विस कार्यक्रम आयोजित कर शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को नि:शुल्क कानूनी सहायता, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) सुमित्रा कादियान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम के दौरान सीजेएम सुमित्रा कादियान ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली । उन्होंने शिविर में लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा जरूरत पडऩे पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जा रही नि:शुल्क कानूनी सहायता का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर आयोजित होने से लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी मिलती है और ऐसे कार्यक्रम समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग (सीएमओ), समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, होटल मैनेजमेंट संस्थान भंभोली, लीड बैंक, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, श्रम विभाग, मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग, एमएसएमई (लघु उद्योग विभाग), कृषि विपणन बोर्ड तथा रोडवेज विभाग ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। इन विभागों के अधिकारियों ने लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याएं भी सुनीं। इसके अलावा आईटीआई यमुनानगर, उत्थान संस्थान, रेड क्रॉस सोसायटी, आपदा प्रबंधन विभाग, आधार कार्ड एवं ड्राइविंग लाइसेंस सेवा, वन विभाग, कृषि एवं उद्यान विभाग, महिला पुलिस थाना, डीसी कार्यालय का सोलर पैनल विभाग, नगर परिषद, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग तथा जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। इन स्टॉलों पर नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, प्रमाणपत्रों, प्रशिक्षण, रोजगार, स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई गई।
इस कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि यहां लोगों को कानूनी सहायता के साथ-साथ बैंकिंग एवं ऋण संबंधी सेवाओं तथा ऋण से जुड़े मामलों में मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने विभिन्न विभागों से जानकारी प्राप्त कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया समझी। आयोजन को सफल बनाने में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला शिक्षा विभाग, जनता ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस तथा ग्राम पंचायत सरस्वती नगर का विशेष सहयोग रहा।