जिला स्तरीय जनसुनवाई में 40 परिवाद प्राप्त, जिला पदाधिकारी ने समयबद्ध निष्पादन का दिया निर्देश।
बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” का मुख्य उद्देश्य राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को अधिक सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाना है। इस निश्चय के अंतर्गत आमजनों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई की व्यवस्था लागू की गई है।
इसी क्रम में आज दिनांक 07 सितम्बर 2026 को जिला स्तर पर जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों को जिला पदाधिकारी द्वारा गंभीरतापूर्वक सुना गया। इस दौरान कुल 40 परिवाद प्राप्त हुए।
जनसुनवाई में थाना थाली, ग्राम पत्थलचट्टी निवासी नीतीश कुमार द्वारा नाली निर्माण, थाना अकबरपुर, ग्राम तेलभद्रों निवासी गोरेलाल राजवंशी द्वारा सड़क निर्माण, थाना नारदीगंज, ग्राम जनपुरा निवासी राजेन्द्र सिंह द्वारा अतिक्रमण हटाने तथा थाना शाहपुर, ग्राम लाल बिगहा निवासी संजीत कुमार द्वारा जमीन विवाद से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य परिवादियों द्वारा विभिन्न विभागों एवं जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए गए।
जिला पदाधिकारी ने सभी परिवादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जाँच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जाँचोपरांत आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी परिवादों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही, परिवादियों को उनके मामलों में की गई कार्रवाई से अवगत कराने का भी निर्देश दिया।
इसी क्रम में अनुमंडल कार्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी, नवादा सदर श्री अमित अनुराग की अध्यक्षता में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से आए आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों को अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जाँच करते हुए त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Sep 8, 2026