जल संचय अभियान : स्वैच्छिकता, सामूहिकता और श्रमदान से ग्राम गारादही में किया बोरी बंधान
ग्रामीणों ने लिया जल संरक्षण का संकल्प
===========================
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आव्हान पर विभागीय कार्ययोजना एवं जल संचय अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड जुन्नारदेव, जिला छिंदवाड़ा द्वारा जल संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में विशेष पहल की गई। जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन एवं ब्लॉक समन्वयक श्री संजय बामने के नेतृत्व में विकासखंड जुन्नारदेव की ग्राम पंचायत बिलावर खुर्द के ग्राम गारादही में बोरी बंधान का कार्य श्रमदान से किया गया।
इस अभियान में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा गठित ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत अध्ययनरत छात्र-छात्राओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नवांकुर संस्था पंख सामाजिक विकास संस्थान ने संयुक्त रूप से सहभागिता की। सभी के सामूहिक प्रयासों से गारादही स्थित परसाडोह नदी में 50 से 55 बोरियों का बोरी बंधान किया गया।
इस अवसर पर मेंटर श्रीमती योगिता मर्सकोले ने बताया कि सामूहिक प्रयासों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बोरी बंधान, सोख्ता गड्ढे तथा अन्य जल संरचनाओं के निर्माण से जल स्रोतों का संरक्षण संभव है। गांव-गांव में चौपाल बैठकों के माध्यम से लोगों को जल बचाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जल संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने गिरते भूजल स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए जल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के छात्र-छात्राएं एवं प्रस्फुटन समिति के सदस्य विगत कई वर्षों से स्वैच्छिक रूप से जल संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान शकुन सरयाम ने उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई तथा जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर श्रीमती योगिता मर्सकोले, एमएसडब्ल्यू छात्रा शकुन सरयाम, सुशीला सरयाम, सुनंदा, डॉली साहू, रोजगार सहायक दुर्गा सरयाम, विनोद दिवान, निखिल सरयाम, मनीष सरयाम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
#जल_संरक्षण
#जल_संचय_अभियान
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh
Chhindwara, Madhya Pradesh | Nov 28, 2026