अररिया, 22 अक्टूबर 2026
बिहार विधान परिषद कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने की ब्रीफिंग
अंतिम रेंडमाइजेशन पूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन-2026 के निमित्त आज अंतिम रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत सहायक निर्वाची पदाधिकारी कोसी स्नातक क्षेत्र-सह-जिलाधिकारी, अररिया श्री विनोद दूहन एवं पुलिस अधीक्षक, अररिया श्री जितेंद्र कुमार की संयुक्त उपस्थिति में मतदान से संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग में मतदान पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सभी पदाधिकारियों को पूरी गंभीरता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा किसी भी राजनीतिक दल, प्रत्याशी अथवा अभ्यर्थी के पक्ष या विपक्ष में व्यवहार नहीं करने को कहा गया।
मतदान की तिथि, समय एवं निष्पक्षता पर विशेष जोर
कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 08:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक निर्धारित है। सभी मतदान पदाधिकारियों को मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के साथ समान, सम्मानजनक एवं निष्पक्ष व्यवहार करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही, पक्षपात अथवा अनुशासनहीनता से बचने का निर्देश दिया गया।
सभी पीठासीन पदाधिकारियों को Pro App पर पंजीकरण करने, समय-समय पर आवश्यक जानकारी अपडेट करने तथा प्रशिक्षण सत्र में दिए गए निर्देशों एवं पीठासीन पदाधिकारी की पुस्तिका के अनुरूप कार्य करने को कहा गया। मतदान दल के सभी सदस्यों को आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया। किसी भी समस्या अथवा असमंजस की स्थिति में स्वयं नियम-विरुद्ध निर्णय लेने के बजाय संबंधित वरीय पदाधिकारी अथवा जिला स्तरीय मास्टर प्रशिक्षक से संपर्क करने को कहा गया।
मतदान सामग्री प्राप्त करते समय मतपत्र, मतपेटी एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की सावधानीपूर्वक जांच करने, सभी निर्वाचन सामग्रियों की उपलब्धता एवं स्थिति सुनिश्चित करने तथा निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया। मतदान केंद्र पर आवश्यक व्यवस्था, मतपत्रों की गोपनीयता तथा मतदाताओं के प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था की जांच करने और मतदान प्रारंभ करने से पूर्व सभी निर्धारित औपचारिकताएं पूरी करने पर विशेष बल दिया गया। मतदान निर्धारित समय पर प्रारंभ कराना सुनिश्चित करने को कहा गया।
निर्देश दिया गया कि पोलिंग पार्टी, माइक्रो ऑब्जर्वर एवं वीडियोग्राफर मतदान प्रारंभ होने से पूर्व निर्धारित मतदान केंद्र पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। मतदान समाप्ति के उपरांत माइक्रो ऑब्जर्वर, पीठासीन पदाधिकारी एवं वीडियोग्राफर बिना अनावश्यक विलंब के पुलिस बल की सुरक्षा में एक साथ पूर्णिया स्थित संग्रहण केंद्र पहुंचेंगे। माइक्रो ऑब्जर्वर निर्धारित प्रपत्र में अपनी रिपोर्ट कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के ऑब्जर्वर को समर्पित करेंगे। मतदान सामग्री एवं पोल्ड बैलेट संग्रहण केंद्र पर जमा करने के पश्चात ही संबंधित मतदान दल पुलिस बल के साथ अपने जिला मुख्यालय वापस लौटेंगे।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। मतदान के दिन किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा शिकायत के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दुर्भाग्य संख्या 06453- 222309 पर संपर्क किया जा सकता है। सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपेक्षा की गई।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
13 views | Araria, Bihar | Oct 22, 2026