चंबा में बरसात के मौसम में डेंगू-मलेरिया और त्वचा संक्रमण का खतरा, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
सुरेंद्र ठाकुर
चंबा 23 सितम्बर
बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया समेत विभिन्न प्रकार के त्वचा संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग चंबा ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. जालम भारद्वाज ने लोगों को बारिश के मौसम में साफ-सफाई और व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
डॉ. जालम भारद्वाज ने कहा कि बरसात के दौरान जगह-जगह पानी जमा होने से मच्छरों के पनपने की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए घरों और आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, पानी की टंकियों, गमलों और अन्य पानी के बर्तनों की नियमित सफाई करें। मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहनें और आवश्यकतानुसार मच्छररोधी उपायों का इस्तेमाल करें।
उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में त्वचा संबंधी संक्रमण से बचने के लिए शरीर को साफ और सूखा रखना बेहद जरूरी है। गीले कपड़े अधिक समय तक न पहनें तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
सीएमओ ने लोगों से अपील की कि तेज बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, कमजोरी, त्वचा पर असामान्य चकत्ते या अन्य लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा न लें, बल्कि नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में चिकित्सकीय सलाह लें।
उन्होंने कहा कि सावधानी, स्वच्छता और समय पर चिकित्सकीय परामर्श बरसात के मौसम में इन बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बाइट: डॉ. जालम भारद्वाज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चंबा
Chamba, Chamba | Sep 23, 2026