धार्मिक उत्साह: डीडवाना से भारत-नेपाल महातीर्थ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का जत्था रवाना
वृंदावन, अयोध्या और काशी सहित नेपाल में पशुपतिनाथ व जनकपुर धाम के दर्शन करेंगे श्रद्धालु; गणमान्य जनों ने दी विदाई
डीडवाना।स्थानीय शहर से धार्मिक और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के उद्देश्य से श्रद्धालुओं का एक जत्था 'भारत-नेपाल महातीर्थ यात्रा' के लिए रवाना हुआ। यात्रा पर प्रस्थान करने से पहले श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और भक्ति का माहौल देखा गया। प्रस्थान स्थल पर उपस्थित परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने भगवान के जयकारों और पुष्प वर्षा के साथ तीर्थयात्रियों को भावभीनी विदाई दी।यात्रा संयोजक लोकेश कुमार पारीक ने बताया कि यह महातीर्थ यात्रा बेहद खास है, जिसमें श्रद्धालु भारत और नेपाल के कई ऐतिहासिक, पौराणिक और सांस्कृतिक महत्व के धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। यात्रा के दौरान जत्था भगवान श्री कृष्ण की पावन क्रीड़ा स्थली वृंदावन, प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या (भव्य राम मंदिर) और बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी (वाराणसी) जाएगा। इसके बाद श्रद्धालु अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर नेपाल स्थित माता सीता की पावन जन्मस्थली जनकपुर धाम और काठमांडू में देवाधिदेव पशुपतिनाथ महादेव के दर्शन व जलाभिषेक करेंगे। यात्रा संयोजक द्वारा श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन और सुगम दर्शन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।श्रद्धालुओं के इस जत्थे को रवाना करने और उनके मंगलमय सफर की कामना करने के लिए क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्व पार्षद संतोष देवी गौड़, अधिवक्ता सुनील शर्मा, भाजपा मंत्री वरुण गौड़, नरेश पारीक और महेश टाक सहित कई प्रबुद्ध जनों ने यात्रियों को माला पहनाकर व तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया। यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं ने कहा कि वे इस पावन यात्रा के दौरान देश और क्षेत्र में खुशहाली, अमन-चैन और समृद्धि की कामना करेंगे।
Didwana, Nagaur | Jun 16, 2026