रामगढ़ नगर परिषद चुनाव को लेकर भाजपा का वार्डवार फीडबैक अभियान तेज
रामगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने जमीनी स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा के रामगढ़ नगर पालिका चुनाव प्रभारी वेदप्रकाश पटेल, विस्तारक प्रवासी पवन चौधरी एवं मंडल अध्यक्ष भगवान सैनी के नेतृत्व में विभिन्न वार्डों में वार्डवार बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं एवं आवेदनकर्ताओं से संवाद किया जा रहा है।
प्रभारी वेदप्रकाश पटेल ने वार्डों में आवेदन करने वाले कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन चर्चा की तथा प्रत्येक कार्यकर्ता से व्यक्तिगत संवाद कर चुनाव को लेकर उनकी राय और सुझाव लिए। इसके साथ ही बूथ समितियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर जमीनी स्तर पर फीडबैक लिया जा रहा है।
वेदप्रकाश पटेल ने कहा कि वार्डवार बैठकों के माध्यम से कार्यकर्ताओं की राय और स्थानीय परिस्थितियों को समझकर पैनल तैयार किया जाएगा। भाजपा का प्रयास है कि संगठन के प्रति समर्पित, सक्रिय एवं जनता के बीच निरंतर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता मिले।
उन्होंने कहा कि भाजपा एक बड़ा परिवार है और रामगढ़ नगर पालिका चुनाव के लिए पार्टी को बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के आवेदन प्राप्त हुए हैं। पार्टी संगठन द्वारा बूथ-बूथ जाकर कार्यकर्ताओं और आमजन से फीडबैक लिया जा रहा है, ताकि पार्टी की नीतियों एवं केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने वाले सक्रिय कार्यकर्ताओं को उचित अवसर मिल सके।
इस दौरान पूर्व मंडल अध्यक्ष गोविंद सैनी, दिनेश चौहान, गगन सिंह, दुर्गाप्रसाद शर्मा ‘बिल्लू’, गौरी शंकर शर्मा, मनीष कोली सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Alwar, Alwar | Aug 28, 2026