📍सहरसा ब्रेकिंग: युवक की पीट-पीटकर और गोली मारकर हत्या, दो दिनों तक कमरे में पड़ा रहा शव..See more
सहरसा: जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत गौतम नगर बम्फर चौक के समीप सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। अवजीत सिंह नामक युवक की बेरहमी से पिटाई करने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को कमरे में छोड़ दिया गया, जहां वह करीब दो दिनों तक पड़ा रहा। बताया जा रहा है कि कमरे के बाहर ताला लगा हुआ था, जिससे किसी को घटना की भनक नहीं लगी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ताला खुलवाकर कमरे से युवक का शव बरामद किया। शव की स्थिति देखकर इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद में मृतक के कुछ साथियों पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सदर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हत्या के पीछे की असली वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका जल्द ही स्पष्ट हो जाएगी।
Kahara, Saharsa | Sep 18, 2026