“निठल्ली कांग्रेस सरकार” का आरोप लगाने से पहले अनुराग ठाकुर बताएं, प्रदेश के लिए चारों भाजपा सांसदों ने क्या किया? : मस्त राम बरागटा
कहा– प्रदेश के हितों के मुद्दे संसद में उठाने और हिमाचल के लिए नई योजनाएं लाने का हिसाब भी जनता के सामने रखें भाजपा सांसद
शिमला। INTUC फेडरेशन हिमाचल प्रदेश के प्रवक्ता एवं राहुल गांधी विचार मंच, शिमला संसदीय क्षेत्र के संयोजक इंजीनियर मस्त राम बरागटा ने भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर के कांग्रेस सरकार पर दिए गए बयान पर पलटवार किया है।
मस्त राम बरागटा ने कहा कि अनुराग ठाकुर कांग्रेस सरकार को निठल्ली बताने से पहले अपने कार्यकाल और प्रदेश के चारों भाजपा सांसदों के कामकाज का हिसाब जनता को दें। उन्होंने सवाल उठाया कि हिमाचल प्रदेश से भाजपा के चार सांसद चुनकर संसद में पहुंचे हैं, लेकिन उन्होंने प्रदेश के हितों से जुड़े कौन-कौन से महत्वपूर्ण मुद्दे संसद में उठाए और हिमाचल के लिए कौन सी नई योजनाएं लेकर आए?
बरागटा ने कहा कि राजनीतिक बयानबाजी करने से पहले भाजपा सांसदों को यह बताना चाहिए कि उन्होंने हिमाचल प्रदेश के विकास, बेरोजगारी, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों के लिए संसद में कितनी प्रभावी पैरवी की है।
उन्होंने अनुराग ठाकुर से सवाल किया कि यदि कांग्रेस सरकार को निठल्ली कहा जा रहा है तो प्रदेश की जनता यह भी जानना चाहती है कि केंद्र में भाजपा की सरकार और हिमाचल के चारों भाजपा सांसदों ने प्रदेश को क्या विशेष सौगातें दिलवाई हैं।
मस्त राम बरागटा ने कहा कि जनता को आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि विकास कार्यों और जनहित में किए गए प्रयासों का स्पष्ट हिसाब चाहिए। भाजपा सांसदों को भी अपने कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना चाहिए।