#ज्ञान कुंज एकेडमी में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
#बलिया।।
ज्ञान कुंज एकेडमी, बंशी बाजार, बलिया में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डॉ. देवेन्द्र सिंह एवं अध्यक्ष ज्योति स्वरूप पाण्डेय द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया गया। इसके बाद राष्ट्रगान, सरस्वती वंदना, दीप प्रज्वलन एवं स्वागत गीत के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने ‘डांस इंडिया’, ‘आकाश चूमे तिरंगा’, ‘आर्मी डांस’ और ‘मेरा मुल्क मेरा देश’ सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। मिडिल वर्ग के बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरीं, वहीं सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य एवं संगीत के माध्यम से पूरे विद्यालय परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. देवेन्द्र सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों की भूमिका देशहित में अत्यंत महत्वपूर्ण है। तेजी से विकास कर रहा भारत युवाओं और विद्यार्थियों के सामर्थ्य के बल पर ही विश्व समुदाय में अपनी मजबूत पहचान बनाए रख सकता है। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुधा पाण्डेय ने कहा कि देश आज स्वतंत्रता दिवस का महापर्व मना रहा है। भारत आज विश्व के प्रमुख देशों में अपना स्थान बनाए हुए है, जिसका महत्वपूर्ण आधार शिक्षा तथा ज्ञान-विज्ञान है।
उप-प्रधानाचार्या शीला सिंह ने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के बल पर पूरे पूर्वांचल में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।
विद्यालय के अध्यक्ष ज्योति स्वरूप पाण्डेय ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में चारों ओर तिरंगे लहराते नजर आए और पूरा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत रहा। ज्ञान कुंज एकेडमी शिक्षा, ज्ञान-विज्ञान, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक जे.पी. तिवारी, दीपक तिवारी, राजकुमार पाण्डेय, दिलीप पाण्डेय, राकेश पाण्डेय, रविंद्र प्रताप सिंह, लक्ष्मण चौहान, प्रियंका तिवारी, निशा तिवारी, नर्बदा गुप्ता, सागर वर्मा, उमेश चंद, अनिल शर्मा, सौरभ वर्मा, सुप्रिया सिंह, रोशन आरा, संगीत शिक्षक उमेश उजाला, नृत्य शिक्षक लवकेश एवं रविंद्र कुमार चौहान, शीबा नाज, अलका, सुप्रिया श्रीवास्तव, खुशी सिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
वहीं विद्यालय के स्टूडेंट काउंसिल के हेड बॉय बादल सिंह, हेड गर्ल मंतसा, आर्या सिंह, अदिति सिंह, अभिषेक पाण्डेय, अर्पिता तिवारी, सूरजभान सिंह एवं आदित्य सिंह सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।
समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए संकल्प लिया। पूरा कार्यक्रम उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।