कलेक्टर श्री चंद्रा ने जनसुनवाई में सुनीं 89 आवेदकों की समस्याएं
आवेदनों का संवेदनशीलता, प्राथमिकता और समय-सीमा में निराकरण करने के दिए निर्देश
कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 89 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने आवेदकों से उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर संवेदनशीलता, प्राथमिकता एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसमें प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए तथा पात्र आवेदकों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक पहल की जाए। जिला स्तर पर निराकरण योग्य प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई कर आवेदकों को राहत पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
जनसुनवाई में फसल बीमा, त्वरित उपचार, आवास, भूमि एवं अतिक्रमण, पट्टा, राजस्व अभिलेख, नामांतरण, बंटवारा, पशुपालन ऋण एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने संबंधी आवेदन प्राप्त हुए।
आवेदकों में निरज पटवा ने नामांतरण आदेश प्रदान करने, शैलेन्द्र सिंह ने मकान का नामांतरण प्रमाण-पत्र जारी करने एवं रिकॉर्ड में नाम सुधारने, श्रीमती शारदा बाई ने रास्ता खुलवाने, नागेश्वर, बद्रीलाल एवं शंभूलाल ने ऑनलाइन रिकॉर्ड अपडेट कर पट्टा दिलाने, श्रीमती कलाबाई एवं संगीता ने अभिलेख दुरुस्ती, बद्रीलाल भाम्बी ने किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने, गोपाल मेघवाल ने शासकीय नाले से अतिक्रमण हटाने तथा बंशीलाल पाटीदार ने कृषि भूमि के रास्ते से अतिक्रमण हटाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए। वहीं श्रीमती संगीता मालवीय ने पशुपालन के लिए ऋण दिलाने तथा अन्य आवेदकों ने भूमि संबंधी समस्याओं, पक्की नाली निर्माण, विद्युत पोल लगाने एवं त्वरित उपचार जैसी समस्याओं के निराकरण का अनुरोध किया।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर प्रभावी एवं परिणाममूलक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय से प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जा रही है। कलेक्टर श्री चंद्रा द्वारा प्राप्त आवेदनों के निराकरण की निरंतर समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
जनसुनवाई के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, श्रीमती मयूरी जोक, श्रीमती श्रुति भायडिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#Neemuch #Jansunwai #नीमच #जनसुनवाई