देवरिया: महिला हत्याकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
रुद्रपुर सीएचसी में महिला की हत्या के मामले में था वांछित, दूसरा आरोपी फरार
देवरिया। रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में महिला की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार रात अवस्थी चौराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस से मुठभेड़ में वांछित आरोपी रामअशीष यादव निवासी छपरा, थाना गगहा, गोरखपुर को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर को रुद्रपुर सीएचसी परिसर स्थित कर्मचारी आवास में गुड़िया नामक महिला का शव मिला था। मामले की जांच के दौरान रामअशीष का नाम सामने आया था। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने महिला की हत्या की साजिश और तीन लाख रुपये की सुपारी मिलने की बात बताई है। पुलिस के अनुसार, इसमें से ढाई लाख रुपये पहले दिए जा चुके थे और बाकी 50 हजार रुपये लेने जाते समय मुठभेड़ हुई।
पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल चला रहा दूसरा आरोपी नरेश यादव मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Deoria, Deoria | Oct 29, 2026