जनरल परेड में पंचकूला पुलिस ने फिटनेस, अनुशासन और आपातकालीन कार्रवाई की क्षमता का किया प्रदर्शन
पंचकूला/ 24 अगस्त:- पुलिस बल की कार्यक्षमता, अनुशासन और शारीरिक दक्षता को मजबूत करने के उद्देश्य से पंचकूला पुलिस लाइन में आज जनरल परेड का आयोजन किया गया। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के फिट पुलिस विजन के तहत इस परेड में पुलिसकर्मियों ने अनुशासन, फिटनेस और बेहतर फील्ड रिस्पॉन्स का परिचय दिया। परेड कमांडर एसीपी दिनेश कुमार ने परेड की सलामी ली। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने सटीक ड्रिल एवं अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अपनी तैयारियों और टीम भावना का प्रदर्शन किया।
जनरल परेड के दौरान पुलिस बल ने फिटनेस के महत्व को दर्शाते हुए सामूहिक दौड़ भी लगाई। सभी पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक दौड़ में भाग लेकर स्वस्थ, चुस्त-दुरुस्त और सक्रिय पुलिस बल का संदेश दिया।
परेड निरीक्षण के बाद एसीपी दिनेश कुमार ने ईआरवी, राइडर तथा ईआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आपात स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए कम से कम समय में घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने फील्ड ड्यूटी के दौरान आमजन के साथ मिलनसार व्यवहार बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। इस दौरान पुलिस वाहनों में उपलब्ध फर्स्ट एड किट का निरीक्षण किया गया तथा डेमो के माध्यम से पुलिसकर्मियों के व्यावहारिक कौशल और आपात स्थिति में कार्रवाई की क्षमता को भी परखा गया।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने कहा कि जनरल परेड पुलिस बल के अनुशासन और कार्यकुशलता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। नियमित परेड से पुलिसकर्मियों में अनुशासन, शारीरिक फिटनेस, टीम भावना और ड्यूटी के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि पंचकूला पुलिस का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ हर परिस्थिति में आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सक्षम, सतर्क और संवेदनशील पुलिस बल के रूप में कार्य करना है।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia
Panchkula, Panchkula | Aug 24, 2026