संगरिया में प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशाला
#चुनाव_उत्सव में उतरने से पहले संभावित प्रत्याशियों को दी गई जानकारी
संगरिया की आवाज़।
#संगरिया राज्य निर्वाचन आयोग की नवाचारी पहल पर निर्देशानुसार शनिवार को उपखंड अधिकारी कार्यालय सभागार में पंचायतीराज संस्था चुनावों के संभावित प्रत्याशियों के लिए प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में नामांकन प्रक्रिया, आदर्श आचार संहिता एवं चुनाव से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी Jai Kaushik ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव एक उत्सव है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। पंचायतीराज संस्थाएं भारतीय लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण इकाइयां हैं। उन्होंने संभावित प्रत्याशियों से आदर्श आचार संहिता का पालन करने तथा निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं भयमुक्त चुनाव में सहयोग देने का आग्रह किया।
#नामांकन की तिथियां:
रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि पंचायत समिति संगरिया में चुनाव चौथे चरण में होंगे।
#जिला परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन फार्म भरने की प्रक्रिया 19 अक्टूबर से शुरू होगी और नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर रहेगी। जिला परिषद सदस्य के लिए नामांकन फार्म जिला मुख्यालय पर लिए जाएंगे।
#पंचायत_समिति_संगरिया के सदस्य पद के लिए नामांकन फार्म उपखंड कार्यालय में रिटर्निंग अधिकारी द्वारा लिए जाएंगे। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया 31 अक्टूबर से शुरू होगी और नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 4 नवंबर रहेगी।
#मतदान एवं मतगणना:
जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान 14 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 20 नवंबर को जिला मुख्यालय पर की जाएगी।
#सरपंच एवं वार्ड पंच चुनाव:
सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए 15 नवंबर को ग्राम पंचायत मुख्यालय पर नामांकन पत्र लिए जाएंगे और 16 नवंबर को मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा। अगले दिन 17 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा।
*प्रत्याशियों को दी गई जानकारी:*
सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार मोनिका बंसल ने बताया कि संभावित प्रत्याशियों को नाम निर्देशन पत्र भरने एवं प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के साथ ही घोषणा, शपथपत्र, स्वच्छ एवं क्रियाशील शौचालय, जाति प्रमाण पत्र, प्रतिभूति निक्षेप राशि, सांख्यिकीय सूचना, प्रस्तावक एवं चुनाव चिन्ह संबंधी बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि प्रत्येक निर्वाचन में मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। उन्होंने बताया कि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य का मतदान ईवीएम से सरपंच एवं वार्ड पंच का मतदान मतपत्रों से होगा।
कार्यशाला में उपस्थित संभावित प्रत्याशियों ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े प्रश्न पूछे जिनका संतोषजनक उत्तर अधिकारियों द्वारा दिया गया। कार्यशाला में ब्लाक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स राजेन्द्र मारवाल व सुरेंद्र मूंड, चुनाव शाखा के पंकज गोदारा, भरत सांवरिया, रविन्द्र गोदारा, विनोद राहड़, गुलाब सिंह, सुशील बेनीवाल सहित ग्रामीण क्षेत्र से संभावित प्रत्याशियों की उपस्थित रही।
संगरिया की आवाज़
District Collector & Magistrate - Hanumangarh