बलरामपुर; कृषकों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने को लेकर प्रशासन सक्रिय, उर्वरक प्रतिष्ठानों का संयुक्त निरीक्षण
तीन उर्वरक प्रतिष्ठानों से लिए गए उर्वरकों के नमूने, स्टॉक एवं अभिलेखों का किया गया सत्यापन
जनपद में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं उर्वरक, कृषक बंधु आवश्यकता के अनुसार ही करें क्रय
दिनांक - 12 अगस्त 2024
जनपद में कृषक बधुओं को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उर्वरकों की बिक्री एवं स्टॉक व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के निर्देशन में उर्वरक प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला कृषि अधिकारी श्री उपेंद्र नाथ खरवार, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए (कृषि) श्री राकेश चन्द्र पाण्डेय एवं वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए (कृषि रक्षा) श्री अभय प्रताप सिंह द्वारा तहसील तुलसीपुर क्षेत्र के विभिन्न उर्वरक प्रतिष्ठानों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उर्वरकों की उपलब्धता, स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर, पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक, स्टॉक एवं रेट बोर्ड सहित अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई। साथ ही उर्वरकों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नमूने भी संग्रहित किए गए।
संयुक्त टीम द्वारा मेसर्स शुक्ला खाद बीज भण्डार, पिपरहवा चौराहा, तुलसीपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर श्री योगेन्द्र कुमार शुक्ला उपस्थित मिले। जांच में स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर पूर्ण पाया गया तथा उर्वरकों के भौतिक सत्यापन में उपलब्ध स्टॉक पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक के अनुरूप पाया गया। प्रतिष्ठान से जुबिलेंट एग्री कंज्यूमर प्रोडक्ट लिमिटेड कम्पनी के सिंगल सुपर फास्फेट (रामबाण) का एक नमूना संग्रहित किया गया।
इसके उपरांत टीम द्वारा मेसर्स शमसुद्दीन फुटकर उर्वरक विक्रेता, अहलाद डीह प्रेमनगर, तुलसीपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विक्रेता उपस्थित मिले तथा स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर पूर्ण पाया गया। भौतिक सत्यापन में उर्वरकों का स्टॉक पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक के अनुरूप पाया गया। प्रतिष्ठान से एनपीके (20:20:0:13), आरसीएफ कम्पनी का एक नमूना संग्रहित किया गया।
संयुक्त टीम द्वारा मेसर्स कलहंस कृषि केन्द्र, पिपरहवा चौराहा, तुलसीपुर का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर श्री विश्वास सिंह उपस्थित मिले। प्रतिष्ठान पर यूरिया की 474 बोरी, एसएसपी (पाउडर) अंकुर ब्राण्ड की 350 बोरी तथा एसएसपी (पाउडर) आईपीएल की 99 बोरी स्टॉक में उपलब्ध पाई गई। स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर अद्यतन पाया गया तथा प्रतिष्ठान पर स्टॉक बोर्ड एवं रेट बोर्ड भी प्रदर्शित मिला। प्रतिष्ठान से सिंगल सुपर फास्फेट उर्वरक का एक नमूना संग्रहित किया गया।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त टीम द्वारा उर्वरकों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। जांच में निरीक्षित प्रतिष्ठानों पर उर्वरकों की कोई कमी नहीं पाई गई। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है तथा किसी भी प्रकार की उर्वरक की कमी नहीं है।
कृषक भाइयों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से उर्वरकों का भंडारण न करें तथा अपनी फसल एवं संस्तुत मात्रा के अनुसार ही उर्वरक क्रय करें। किसान अपनी खतौनी/फार्मर आईडी/आधार कार्ड के साथ निकटतम निजी उर्वरक विक्रेता अथवा साधन सहकारी समिति से आवश्यकता के अनुरूप उर्वरक प्राप्त कर सकते हैं।
कृषि विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि कृषकों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक निर्धारित व्यवस्था के अनुसार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान लगातार जारी रहेगा। उर्वरकों की बिक्री एवं वितरण व्यवस्था पर नियमित निगरानी रखी जा रही है, जिससे किसानों को उर्वरक प्राप्त करने में किसी प्रकार की समस्या न हो।
#balrampur #dmbalrampur