जमीन के सीमांकन और नामांतरण के लिए मांगी थी 15 हजार की रिश्वत, 5 हजार लेते ही लोकायुक्त के हत्थे चढ़ी महिला पटवारी...
ग्वालियर में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार गुंधारा तहसील तानसेन में पदस्थ हल्का पटवारी रेखा शाक्य ने जमीन के सीमांकन और नामांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के बदले 15 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता मंशाराम, निवासी सिरसौद मुरार, ने इसकी सूचना लोकायुक्त पुलिस को दी थी। सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर मुरार स्थित एक मकान की तीसरी मंजिल पर कार्रवाई की और पटवारी को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। बताया गया है कि यह राशि शिकायतकर्ता की बहन की जमीन के सीमांकन और पत्नी के नाम नामांतरण कराने के एवज में मांगी गई थी। एसपी लोकायुक्त निरंजन शर्मा के निर्देशन और निरीक्षक उपेंद्र दुबे के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।