महाराज बाड़ा की पार्वती मार्केट में भीषण आग, 12 दुकानें चपेट में; लाखों के नुकसान की आशंका...
ग्वालियर के व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र महाराज बाड़ा स्थित शासकीय छापाखाना परिसर की पार्वती मार्केट में शनिवार को अचानक आग भड़क उठी, जिससे करीब 12 दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। आग ने सबसे ज्यादा नुकसान पार्वती रेडीमेड गारमेंट सहित अन्य दुकानों को पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की लगभग आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और स्थानीय दुकानदारों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मौके पर दो थाना क्षेत्रों का पुलिस बल भी तैनात रहा। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या नशेड़ियों की गतिविधियों को माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है। प्रभावित दुकानों में हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। कोतवाली थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Gwalior Gird, Gwalior | Jun 20, 2026