पलवल: थाना हसनपुर पुलिस द्वारा मां ओमवती कॉलेज में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन।*
*थाना प्रभारी उप-निरीक्षक विजयपाल ने छात्रों और युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव के दिए व्यावहारिक टिप्स,किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ न साझा करें ओटीपी, पिन (PIN) या सीवीवी (CVV) नंबर।*
*पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग, आईपीएस के दिशा-निर्देशानुसार जिलेभर में चलाया जा रहा है 'साइबर जागरूकता माह'।*
हरियाणा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे राज्यव्यापी 'साइबर जागरूकता माह' के तहत पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में पलवल पुलिस द्वारा आमजन और युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज मां ओमवती कॉलेज, हसनपुर में एक विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
इस जागरूकता कार्यक्रम की अध्यक्षता थाना हसनपुर प्रबंधक उप-निरीक्षक विजयपाल द्वारा की गई। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं स्टाफ को वर्तमान समय में तेजी से पनप रहे साइबर अपराधों के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
*ओटीपी, पिन व सीवीवी सुरक्षा पर विशेष जोर:*
थाना प्रभारी उप-निरीक्षक विजयपाल ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए बताया कि किसी भी स्थिति में अपना ओटीपी (OTP), बैंक पिन (PIN) या कार्ड का सीवीवी (CVV) नंबर किसी भी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। साइबर अपराधी अक्सर खुद को बैंक अधिकारी या कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताकर झांसे में लेते हैं और वित्तीय ठगी को अंजाम देते हैं।
*डिजिटल अरेस्ट व फर्जी वीडियो कॉल के प्रति किया आगाह:*
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को 'डिजिटल अरेस्ट' और फर्जी पुलिस/सरकारी अधिकारी बनकर आने वाली व्हाट्सएप या स्काइप वीडियो कॉल से सावधान रहने की हिदायत दी गई। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि कोई भी पुलिस या जांच एजेंसी वीडियो कॉल पर किसी को गिरफ्तार नहीं करती और न ही रुपयों की मांग करती है।
*हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी:*
थाना प्रबंधक ने उपस्थित युवाओं को प्रेरित किया कि यदि कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है, तो बिना समय गंवाए तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। जितनी जल्दी 1930 पर सूचना दी जाएगी, ठगी गई राशि को रुकवाने की संभावना उतनी ही अधिक रहती है।
कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रशासन द्वारा थाना हसनपुर पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया गया। विद्यार्थियों ने भी साइबर सुरक्षा के इस सत्र की सराहना की और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
Palwal, Palwal | Oct 5, 2026