समाहरणालय बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 13 जुलाई 2026
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित-प्रखंडवार एवं पंचायतवार विशेष शिविर आयोजित करने हेतु निर्देश
आज दिनांक 13 जुलाई 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में की गई।
बैठक में योजना के प्रभावी एवं लक्ष्य आधारित क्रियान्वयन हेतु संबंधित विभागों, बैंकिंग संस्थानों एवं कार्यदायी एजेंसियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला परिषद अध्यक्षा बक्सर, वरीय उप समाहर्ता (बैंकिंग) के साथ साथ सभी प्रखंडों के मुखिया, प्रमुख एवं सरपंच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अग्रणी बैंक प्रबंधक , सभी बैंकों के शाखा प्रबंधक, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में सौर ऊर्जा अत्यंत महत्वपूर्ण है। बक्सर जिले में प्रधानमंत्री कुटीर योजना के 4,129 लाभार्थियों को इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य हैं। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों यथा मुखिया, सरपंच एवं प्रखंड प्रमुख से अपील की कि वे स्वयं इस योजना के अंतर्गत अपने भवनों पर सोलर रूफटॉप स्थापित कर ग्रामीणों के लिए प्रेरणा बनें।
सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे संबंधित जनप्रतिनिधियों से योजना के आवेदन प्राप्त कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक द्वारा अवगत कराया गया कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में ऋण स्वीकृति की दर लगभग 58 प्रतिशत है। इस पर जिला पदाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि विभागीय निर्देशानुसार प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत ऋण स्वीकृति के लिए CIBIL स्कोर की कोई अनिवार्यता नहीं है। बिना उचित एवं वैध कारण के किसी भी पात्र आवेदक का ऋण आवेदन अस्वीकृत नहीं किया जाएगा तथा सभी लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर को निर्देश दिया कि सभी प्रखंडों में रोस्टरवार विशेष शिविर आयोजित किए जाएं। ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवारों का आवेदन प्राप्त कर उनका त्वरित निष्पादन किया जा सके। उन्होंने सभी कनीय अभियंता एवं सहायक अभियंता (विद्युत) को प्रखंडवार लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने का निर्देश दिया।
बैठक में योजना से जुड़े सभी अधिकृत वेंडरों को भी निर्देशित किया गया कि वे सोलर संयंत्र स्थापना कार्य में तेजी लाएं तथा गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखें।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar @top fans Buxar Administration CMO Bihar Buxar Police Energy Department #BuxarNews #buxarcity #buxarjila #bihar #buxar #topfollowers
Buxar, Bihar | Jul 13, 2026