मां को पीट रहे थे पिता, बेटे ने धारदार हथियार से हमला कर उतारा मौत के घाट
शहर के राधानगर में वारदात, पुलिस आरोपी बेटे की तलाश में जुटी
हरदोई। कोतवाली शहर क्षेत्र के राधानगर में मंगलवार को पत्नी से मारपीट का विरोध करने पर बेटे ने धारदार हथियार से हमला कर पिता की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, राधानगर निवासी रामेन्द्र सिंह (53) का मंगलवार को अपनी पत्नी अंजू सिंह से विवाद हो गया। इस दौरान रामेन्द्र पत्नी के साथ मारपीट करने लगा। मां के साथ मारपीट होते देख उनके 28 वर्षीय बेटे सत्यम सिंह ने विरोध किया। इसी बात को लेकर पिता और पुत्र के बीच विवाद बढ़ गया और दोनों में मारपीट होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान सत्यम ने धारदार हथियार से पिता पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से रामेन्द्र की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली शहर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, तहरीर मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं।
क्षेत्राधिकारी नगर अजीत चौहान ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Hardoi, Hardoi | Nov 24, 2026