प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक: 08 जुलाई 2026स्थान: गया
महिला एवं बाल विकास निगम की प्रबंध निदेशक डॉ. प्रीति द्वारा गया जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों, वन स्टॉप सेंटर, शेरघाटी एवं कामकाजी महिला छात्रावास 'आकांक्षा' सह 'सखी निवास' का निरीक्षण किया गया l
महिला एवं बाल विकास निगम तथा महिला सशक्तिकरण से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करने के उद्देश्य से आज दिनांक 08 जुलाई 2026 को महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार की प्रबंध निदेशक डॉ. प्रीति द्वारा गया जिले का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का भ्रमण कर समेकित बाल विकास सेवाओं (आईसीडीएस) के अंतर्गत बच्चों को प्रदान किए जा रहे पूरक पोषण, विद्यालय पूर्व शिक्षा, नियमित वजन मापन, टीकाकरण से संबंधित अभिलेख, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, केंद्रों की स्वच्छता, आधारभूत संरचना, पोषण ट्रैकर एवं अन्य अभिलेखों की गहन समीक्षा की गई। प्रबंध निदेशक ने लाभार्थियों एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की तथा सेवाओं को और अधिक गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी एवं लाभार्थी-केंद्रित बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके उपरांत वन स्टॉप सेंटर, शेरघाटी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही आपातकालीन सहायता, मनोसामाजिक परामर्श, विधिक सहायता, चिकित्सा सहायता, अस्थायी आश्रय, केस प्रबंधन, अभिलेख संधारण एवं केंद्र की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने लाभार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की तथा महिलाओं को त्वरित, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने, मामलों के समयबद्ध निष्पादन एवं शासन द्वारा निर्धारित सभी प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण क्रम में कामकाजी महिला छात्रावास 'आकांक्षा' सह 'सखी निवास' का भी अवलोकन किया गया। छात्रावास में आवासीय सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, भोजन व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, रखरखाव, अभिलेखों तथा निवासरत महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रबंध निदेशक ने निर्देश दिया कि छात्रावास में रहने वाली महिलाओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गरिमापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा विभागीय मार्गदर्शिका के अनुरूप सभी मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान विभागीय योजनाओं के प्रभावी संचालन, नियमित अनुश्रवण, अभिलेखों के अद्यतन संधारण, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने तथा लाभार्थियों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि सभी सेवाएं निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप संचालित की जाएं तथा निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
ICDS Directorate Bihar
Women and Child Development Corporation, Bihar
Gaya, Bihar | Jul 8, 2026