बछवाड़ा प्रखंड मुख्यालय स्थित रानी एक पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रतीक्षा सूची के अनुमोदन के लिए ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई। जहां आवास सहायक ब्रजेश कुमार ने लाभार्थियों के नाम सार्वजनिक रूप से बताए, ताकि वंचित लोग आपत्ति दर्ज करा सकें। बैठक में पंचायत के सैकड़ो लाभार्थी शामिल हुए।
सूची में नाम आने पर लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी दिखी, तो कई निराश भी दिखे, क्योंकि उनके नाम छूट गए थे।
बैठक की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया गीता देवी ने की, जबकि संचालन पंचायत सचिव शैलेश कुमार ने किया। मुखिया गीता देवी ने बताया कि रानी एक पंचायत में 1174 लाभार्थियों के नाम सूची में जोड़े गए हैं और वंचित लाभुकों का भी नाम जोड़ा जाएगा।
उन्होंने लाभार्थियों से अपील की है कि बिचौलियों से सावधान रहे और प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर अवैध रुपए मांगने पर जनप्रतिनिधियों या अधिकारियों से शिकायत करें। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि प्रधानमंत्री आवास बिना लेनदेन के पारदर्शी तरीके मिलेगा।
मौके पर मुखिया प्रतिनिधि प्यारे दास, पंचायत समिति सदस्य सिकंदर कुमार, उप सरपंच अर्जुन गुप्ता, पूर्व मुखिया उमेश कुंवर कवि, उप मुखिया प्रतिनिधि दिग्गज कुमार, कार्यपालक सहायक संजय कुमार सहित कई वार्ड सदस्य मौजूद थे।
Bachhwara, Begusarai | Sep 29, 2026