पानी में सड़ा हजारों क्विंटल सरकारी धान, खुले स्टेक में उगी फसल लाखों के नुकसान का दावा
डिंडौरी जिले के वेयर हाउस निगवानी में खुले में रखी सरकारी धान के बारिश में भीगकर खराब होने का मामला सामने आया है। यहां ओपन स्टेक में रखी कई बोरियां सड़ चुकी हैं, जबकि कुछ बोरियों में धान के अंकुर निकल आए हैं। बड़ी मात्रा में अनाज खराब होने से सरकारी संपत्ति को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक वेयर हाउस में करीब 75 ओपन स्टेक बनाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक स्टेक में लगभग 300 बोरी धान रखी गई है। मजदूरों के अनुसार करीब 15 हजार बोरियां खराब होने की बात सामने आई है। हालांकि नुकसान की वास्तविक मात्रा और आर्थिक क्षति का आधिकारिक आकलन अभी सामने आना बाकी है।
खराब और सही धान की हो रही छंटाई
बारिश के बाद अब मजदूर खराब और उपयोग योग्य धान को अलग-अलग करने में जुटे हैं। छंटाई के बाद जो धान उपयोग योग्य बच रही है, उसे मिलों तक भेजा जा रहा है। वहीं बड़ी संख्या में सड़ी और अंकुरित धान सरकारी अनाज के रखरखाव की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
बारिश के मौसम में खुले में क्यों रखा गया अनाज?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि बारिश के मौसम में इतनी बड़ी मात्रा में सरकारी धान को खुले स्टेक में रखने की नौबत क्यों आई? अनाज को बारिश और नमी से बचाने के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए? और जब धान खराब होने लगी तो जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते इसकी रोकथाम के लिए क्या कदम उठाए?
मामले में जिम्मेदारी तय करने और नुकसान का वास्तविक आकलन किए जाने की जरूरत है। यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग भी उठ सकती है।
फिलहाल निगवानी वेयर हाउस में धान की छंटाई जारी है। अब निगाह प्रशासन की जांच और इस बात पर है कि सरकारी अनाज की बर्बादी के लिए जिम्मेदारी किसकी तय होती है।
#DindoriNews
#PaddyWastage
#MPNews
#GovernmentGrain
#Halchal24News Part 8