देवास। शहर के गंगा नगर क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में तीन सूने मकानों को निशाना बनाकर पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अज्ञात बदमाशों ने तीनों मकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी की इन घटनाओं में करीब 14 लाख रुपए की ज्वेलरी सहित लाखों रुपए का माल गायब होने की जानकारी सामने आई है। सुबह जब रहवासियों को वारदात का पता चला तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
बुजुर्ग दंपति के सूने मकान को बनाया निशाना
गंगा नगर में मूलचंद बामनिया अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रहते हैं। दोनों बुजुर्ग हैं और घर में अकेले रहते हैं। पिछले 3-4 दिनों से वे रात करीब 9 बजे घर पर ताला लगाकर सम्यक विहार में रहने वाले अपने बेटे के यहां सोने जा रहे थे। बीती रात भी दोनों बेटे के घर पर ही थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
परिजनों के अनुसार, सुबह जब घर पहुंचकर देखा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और घर के अंदर सामान अस्त-व्यस्त मिला। मकान में रखे करीब 5 हजार रुपए नकद सहित अन्य सामान चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
एचआर जॉनसन कंपनी के दो मैनेजरों के घर भी चोरी
इसी इलाके में एचआर जॉनसन कंपनी में कार्यरत दो मैनेजरों के मकानों को भी चोरों ने निशाना बनाया। इनमें दीपक कुमार सिंह कंपनी के आरएनडी विभाग में सीनियर मैनेजर हैं, जबकि प्रशस्त शर्मा आईएनडी विभाग में जूनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।
जानकारी के अनुसार, दीपक कुमार सिंह कलकत्ता में कंपनी के सीनियर मैनेजर पलाश डे के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए हुए हैं। वहीं प्रशस्त शर्मा अपने माता-पिता से मिलने उत्तर प्रदेश के देवबंद गए थे। वहां से जगन्नाथ पुरी होते हुए उन्हें भी कलकत्ता में उसी शादी समारोह में शामिल होने जाना था। दोनों के मकान सूने होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
14 लाख रुपए की ज्वेलरी पर चोरों ने किया हाथ साफ
सुबह महिलाओं ने घरों के सामने झाड़ू लगाते समय सबसे पहले दीपक कुमार सिंह के मकान का ताला टूटा हुआ देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और मकान के अंदर जाकर जांच की।
पुलिस टीम के जाने के कुछ देर बाद ही प्रशस्त शर्मा के मकान का ताला भी टूटा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद दोबारा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखा सामान अस्त-व्यस्त था।
प्रशस्त शर्मा के परिचित सुशांत शिंदे ने बताया कि प्रशस्त के छोटे भाई की शादी कुछ महीने बाद होने वाली है। शादी की तैयारियों के लिए प्रशस्त ने करीब 14 लाख रुपए की ज्वेलरी खरीदकर घर में रखी थी। फोन पर प्रशस्त ने पुलिस से अलमारी में ज्वेलरी की जांच करने को कहा था। जब पुलिस ने अलमारी चेक की तो ज्वेलरी वहां नहीं मिली। आशंका है कि चोर पूरी ज्वेलरी लेकर फरार हो गए।
दीपक कुमार सिंह के घर से चोरी का आकलन बाकी
वहीं दीपक कुमार सिंह के मकान से कितने की चोरी हुई है, इसका अभी आकलन नहीं हो पाया है। उन्होंने फोन पर बताया कि कुछ ज्वेलरी वे अपने साथ शादी समारोह में लेकर गए हैं, जबकि कुछ घर पर रखी हुई थी। उनके वापस आने और खुद जांच करने के बाद ही चोरी हुए सामान की पूरी जानकारी मिल सकेगी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एक ही रात में तीन सूने मकानों में चोरी की इन वारदातों ने गंगा नगर क्षेत्र के रहवासियों में दहशत पैदा कर दी है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
तीन मकान, एक रात और लाखों की चोरी... सवाल यही है कि आखिर शहर में सूने मकान कितने सुरक्षित हैं?