मीडिया सत्ता को सशक्त कर रहा है, जबकि उसका काम जनता को सशक्त करना था : शीतल पी. सिंह
- कहा- संसद प्रतीकात्मक बनकर रह गई है, बिना बहस के पारित हो रहे कानून; लोकतंत्र बचाने के लिए गलत को गलत कहने की हिम्मत जुटानी होगी
महेश शर्मा, सिरसा टुडे
सिरसा। शहीद पत्रकार रामचंद्र छत्रपति के शहादत दिवस के उपलक्ष्य में साहित्यिक एवं सामाजिक सरोकारों को समर्पित संस्था संवाद सिरसा की ओर से पंचायत भवन में आयोजित छत्रपति स्मृति समारोह में पहुंचे अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त पत्रकार शीतल पी. सिंह ने मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, लोकतंत्र, संसद और मीडिया की भूमिका पर बेबाकी से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिशें चिंताजनक हैं। मीडिया की भूमिका भी बेहद नकारात्मक हो गई है। मीडिया का काम जनता को सशक्त करना था, लेकिन आज वह सत्ता को सशक्त करने में लगा है।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए शीतल पी. सिंह ने कहा कि छत्रपति स्मृति समारोह बेहद भावुक करने वाला आयोजन था। यह हमारे पेशे के एक शहीद पत्रकार की स्मृति से जुड़ा कार्यक्रम है। उन्होंने आयोजन के लिए संवाद सिरसा और सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और परिसीमन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि देश में तानाशाही जैसी परिस्थितियां पैदा की जा रही हैं। एक राजनीतिक पार्टी तिकड़मों के जरिए चुनाव जीतना चाहती है। राजनीतिक दलों को तोड़ना और जनप्रतिनिधियों को खरीदना लोकतंत्र के लिए बेहद शर्मनाक है। राहुल गांधी की ओर से वोट चोरी के आरोपों और आंकड़ों के जरिए उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है। हालांकि कांग्रेस की अपनी भी कई कमियां रही हैं, जिनके कारण देश की राजनीति में स्थितियां बिगड़ी हैं। उन्होंने कहा कि जो गलत है, उसे गलत और जो सही है, उसे सही कहना चाहिए।
राहुल गांधी की ओर से जेन-जी के आंकड़ों और युवाओं को संबोधित करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल अपने हिसाब से तय करते हैं कि किस वर्ग के सामने कौन-सा मुद्दा उठाना है। देश में जेन-जी आंदोलन के बाद युवाओं को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी है। प्रधानमंत्री और विपक्षी नेता दोनों ही युवाओं को संबोधित करने की कोशिश कर रहे हैं। इसमें उन्हें कुछ गलत नहीं लगता।
संसद में बहस के बिना पारित हो रहे कानून, अपनी मूल भूमिका से भटका मीडिया
संसद की घटती भूमिका पर टिप्पणी करते हुए शीतल पी. सिंह ने कहा कि संसद अब प्रतीकात्मक बनकर रह गई है। पहले संसद 150 दिन से अधिक बैठती थी, जबकि अब यह अवधि घटकर करीब 40 दिन रह गई है। संसद के कामकाज का बड़ा हिस्सा हंगामे और व्यवधान में निकल जाता है। कानूनों को पांच मिनट में ध्वनिमत से पारित कर दिया जाता है और उन पर कोई सार्थक बहस नहीं होती। ऐसे में संसद की भूमिका ही खत्म होती जा रही है। मीडिया की भूमिका पर उन्होंने कहा कि मीडिया आज अपनी मूल जिम्मेदारी से भटक गया है। उसका काम जनता को सशक्त करना था, लेकिन वह सत्ता को सशक्त कर रहा है। भविष्य में पत्रकारिता की उम्मीद मौजूदा दौर में भी काम करने की कोशिश कर रहे पत्रकारों से ही है। उन्होंने पत्रकारों की हिम्मत को सलाम करते हुए कहा कि इस कठिन दौर में पत्रकारिता करने का प्रयास करना भी महत्वपूर्ण है।
एआई से स्वतंत्र सामर्थ्य पर खतरा
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव पर उन्होंने कहा कि इससे मनुष्य की बची-खुची स्वतंत्र सामर्थ्य भी प्रभावित होगी। एआई एक बड़ा खतरा है, लेकिन तकनीक को रोका नहीं जा सकता। कंप्यूटर, टेलीविजन और सोशल मीडिया की तरह एआई भी हमारे जीवन का हिस्सा बनेगा। ऐसे में मनुष्य को इसी तकनीक के बीच अपने लिए रास्ता और सांस लेने की जगह तलाशनी होगी। उन्होंने कहा कि इस चुनौती से निकलने का रास्ता यही है कि मनुष्य सत्ता और शक्ति का विकेंद्रीकरण करे तथा मानवता के हित में एकजुट रहे। समाज का बंटवारा किसी भी आधार पर नहीं होना चाहिए।
चुनावी परिसीमन में भी दिखाई दे रही है चालाकी
असम के धुबरी लोकसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए उन्होंने परिसीमन और मतदाताओं के असमान वितरण पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि धुबरी में करीब 28 लाख मतदाता हैं, जबकि एक अन्य लोकसभा क्षेत्र में लगभग आठ लाख मतदाताओं के आधार पर भी सांसद चुना जा रहा है। उनके अनुसार, मतदाताओं का इस तरह अलग-अलग क्षेत्रों में बंटवारा चुनावी प्रतिनिधित्व को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने इसे राजनीतिक चालाकी करार देते हुए कहा कि 28 लाख मतदाताओं का समर्थन मिलने पर भी किसी पार्टी को उस क्षेत्र से एक ही सीट मिलेगी।
आम आदमी ही करेगा लोकतंत्र की लड़ाई
विपक्षी दलों की भूमिका पर सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टियां अब प्राइवेट लिमिटेड कंपनियों की तरह व्यवहार कर रही हैं। उनके पास हजारों करोड़ रुपये का ऐसा धन है, जिसके स्रोतों पर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे हालात में साधारण राजनीतिक दलों के लिए मुकाबला करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि इस दौर में असली लड़ाई साधारण लोग लड़ेंगे, जिनमें किसान, पत्रकार, मजदूर और बेरोजगार शामिल हैं। अंत में लोकतंत्र में आंदोलन की भूमिका पर उन्होंने कहा कि गलत के खिलाफ आवाज उठाना ही लोकतंत्र का रास्ता है। सबसे पहले गलत को गलत कहने की हिम्मत जुटानी होगी और फिर जरूरत पड़ने पर सड़कों पर उतरना होगा। यही लोकतांत्रिक संघर्ष का रास्ता है।
शीतल पी. सिंह को छत्रपति सम्मान-2026 से किया अलंकृत
सिरसा। समारोह में इससे पहले संस्था संवाद की ओर से अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त पत्रकार शीतल पी. सिंह को छत्रपति सम्मान-2026 से अलंकृत किया गया। इस दौरान शीतल पी. सिंह ने 'एआई के दौर में दुनिया, लोकतंत्र और मीडिया' विषय पर व्याख्यान देते हुए तकनीक के बढ़ते प्रभाव, लोकतांत्रिक व्यवस्था के समक्ष चुनौतियों और पत्रकारिता की बदलती भूमिका पर विचार साझा किए। गौरतलब है कि संवाद वर्ष 2010 से लगातार देश के ख्यातिप्राप्त पत्रकारों और साहित्यकारों को सम्मानित करता आ रहा है। अब तक कुलदीप नैयर, रवीश कुमार, अभिसार शर्मा और संदीप चौधरी जैसे अनेक प्रतिष्ठित पत्रकारों को यह सम्मान दिया जा चुका है। सम्मान प्राप्त करने पर शीतल पी. सिंह ने संस्था संवाद का आभार जताया। समारोह की अध्यक्षता बठिंडा के कहानीकार अतरजीत सिंह ने की, जबकि संस्था अध्यक्ष परमानंद शास्त्री ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। शहीद पत्रकार रामचंद्र छत्रपति के ज्येष्ठ पुत्र अंशुल छत्रपति ने अपने पिता से जुड़े संस्मरण साझा किए। इस दौरान वे कई बार भावुक भी हो गए। एडवोकेट लेखराज ढोट ने छत्रपति की शहादत को नमन करते हुए मामले से जुड़ी अद्यतन जानकारी दी। प्रो. हरविंद्र सिंह ने मंच संचालन किया। समारोह में वरिष्ठ लेखक हरभगवान चावला के लघुकथा संग्रह 'सीजफायर' और डॉ. रामेश्वर दास की पुस्तक "जाति व्यवस्था और विचारधारा' का अतिथियों ने विमोचन भी किया।
Sirsa, Sirsa | Nov 29, 2026