*पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने हेतु डीएम ने की समीक्षा बैठक*
*घर-घर जागरूकता अभियान चलाने एवं लंबित आवेदनों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश*
गया, 07 अगस्त 2026, आम नागरिकों को सस्ती, सुलभ एवं स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने तथा रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला पदाधिकारी, गया श्री शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में विद्युत विभाग एवं विभिन्न बैंकों के वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक अधीक्षण अभियंता, विद्युत विभाग के सभा कक्ष में हुई।
बैठक में योजना के तहत रूफटॉप सोलर सिस्टम की स्थापना, आवेदन प्रक्रिया, अनुदान, बैंक ऋण, रख-रखाव एवं इससे होने वाले आर्थिक लाभ की विस्तृत जानकारी दी गई। विद्युत विभाग द्वारा बताया गया कि योजना के तहत 1 किलोवाट पर ₹30,000, 2 किलोवाट पर ₹60,000 तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर अधिकतम ₹78,000 तक की सब्सिडी उपलब्ध है। सोलर संयंत्र की स्थापना के लिए बैंकों के माध्यम से लगभग 7 प्रतिशत की रियायती ब्याज दर पर ₹2 लाख तक का ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिले में अब तक 985 घरों की छत पर सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि योजना के तहत अब तक मात्र 2,545 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिला पदाधिकारी ने आवेदन की कम संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों को घर-घर जाकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को योजना की जानकारी देने तथा अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने सभी बैंक पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सिविल स्कोर का हवाला देकर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के आवेदन को अस्वीकृत नहीं किया जाए। पूर्व में सिविल स्कोर के आधार पर अस्वीकृत किए गए आवेदनों को भी पुनः विचार करते हुए नियमानुसार स्वीकृति प्रदान करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिया कि जिन बैंकों में सिविल स्कोर अथवा अन्य कारणों से आवेदन लंबित हैं, वहां विद्युत विभाग द्वारा पूर्व से नामित पदाधिकारियों को बैंक अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से आवेदनों की जांच के लिए भेजा जाए तथा पात्र आवेदनों का अधिक से अधिक संख्या में निष्पादन सुनिश्चित कराया जाए।
*समीक्षा के दौरान पंजाब नेशनल बैंक, मथुरापुर बोधगया शाखा में 6 तथा केनरा बैंक, पिरमंसूर शाखा में 7 आवेदन बिना स्पष्ट कारण के लंबित पाए गए। जिला पदाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए दोनों शाखाओं से संबंधित मामलों की जिला स्तरीय निगरानी धावा दल के माध्यम से अगले 72 घंटे में जांच कराने का निर्देश दिया। जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।*
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद निर्धारित समयावधि में सोलर पैनल का अधिष्ठापन कराया जाएगा। करारनामा की अवधि के अंतर्गत 7 वर्षों तक निःशुल्क मरम्मत एवं रख-रखाव की सुविधा भी उपलब्ध होगी। उचित रख-रखाव के साथ सोलर पैनल लगभग 25 वर्षों तक सुचारु रूप से कार्य कर सकते हैं।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि उपभोक्ता अपनी बिजली खपत के अनुसार सोलर सिस्टम की क्षमता का चयन कर सकते हैं। लगभग 150 यूनिट तक मासिक खपत वाले उपभोक्ताओं के लिए 1 किलोवाट, 300 यूनिट तक के लिए 2 किलोवाट तथा 300 यूनिट से अधिक खपत के लिए 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता का सोलर सिस्टम उपयुक्त हो सकता है। उत्पादित बिजली का उपयोग घरेलू जरूरतों में करने के साथ अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजकर बिजली बिल में समायोजन का लाभ भी लिया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ऊर्जा आत्मनिर्भरता, स्वच्छ ऊर्जा एवं आर्थिक बचत की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए सभी संबंधित विभागों एवं बैंकों को समन्वित प्रयास करने की आवश्यकता है।
योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता को आधार कार्ड, बिजली बिल, छत के स्वामित्व का प्रमाण, वेंडर कोटेशन तथा सोलर सिस्टम का फोटोग्राफ सहित निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करना होगा।
जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि वे प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी प्राप्त कर अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करें तथा अपने घरों पर रूफटॉप सोलर स्थापित कर बिजली खर्च में बचत के साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में सहभागी बनें।
बैठक में अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग, अग्रणी बैंक प्रबंधक, गया जिले के सभी कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता विद्युत विभाग तथा विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक उपस्थित थे।
PMO India Samrat Choudhary Solar Power World घर-घर सोलर योजना Information & Public Relations Department, Government of Bihar Energy Department, Bihar Bihar Tak Aaj Tak News18 Bihar
2 views | Gaya, Bihar | Aug 7, 2026