*वी० बी० जी० राम जी योजना अंतर्गत विकसित ग्राम पंचायत योजना निर्माण हेतु एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित*
भागलपुर, दिनांक 29 सितंबर 2026:- वी० बी० जी० राम जी योजना अंतर्गत विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP) के निर्माण से संबंधित एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन आज समीक्षा भवन, भागलपुर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री रवि राकेश, उप विकास आयुक्त, भागलपुर द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान श्री अमर कुमार मिश्रा, निदेशक, रा०नि० कार्यक्रम एवं श्री दुर्गा शंकर सिंह, निदेशक, लेखा, प्रशासन एवं स्वनियोजन द्वारा योजना से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं, प्रक्रियाओं एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों पर विस्तार से जानकारी दी गई। श्री अमर कुमार मिश्रा द्वारा कायाकल्प अभियान के अंतर्गत योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन तथा महत्वपूर्ण सूचकों के संदर्भ में जिले की स्थिति से अवगत कराया गया।
श्री देव कृष्ण कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी द्वारा वी० बी० जी० राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विकसित ग्राम पंचायत योजना तैयार करने की रूपरेखा, प्रक्रिया एवं आवश्यक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला स्तर से कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, श्री राहुल कुमार, एम०आई०एस० अधिकारी तथा श्री रितेश कुमार, तकनीकी सहायक उपस्थित रहे। वहीं, प्रखंड स्तर से सभी कार्यक्रम पदाधिकारी (पी०ओ०), कनीय अभियंता, लेखापाल, पंचायत तकनीकी सहायक तथा प्रत्येक प्रखंड से एक कार्यपालक सहायक एवं कंप्यूटर ऑपरेटर ने भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर के रूप में डी०पी०ओ०, वी० बी० जी० राम जी, कार्यपालक अभियंता, कार्यक्रम पदाधिकारी, कहलगाँव तथा कार्यक्रम पदाधिकारी, शाहकुंड द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान विकसित ग्राम पंचायत योजना के निर्माण से संबंधित विभिन्न तकनीकी, प्रशासनिक एवं प्रक्रियात्मक पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य त्रुटिरहित, गुणवत्तापूर्ण एवं नियमानुकूल विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP) का निर्माण सुनिश्चित करना था, ताकि ग्राम पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं का समुचित चयन, प्राथमिकता निर्धारण एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, भागलपुर ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशिक्षण की बारीकियों को गंभीरतापूर्वक समझने तथा गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि जिला स्तरीय प्रशिक्षण के उपरांत संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने प्रखंडों में वी० बी० जी० राम जी योजना से जुड़े पदाधिकारियों एवं कर्मियों तथा पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करें, ताकि विकसित ग्राम पंचायत योजनाओं का निर्माण एवं क्रियान्वयन निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं नियमानुसार सुनिश्चित किया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के बीच योजना निर्माण की प्रक्रिया, तकनीकी दक्षता तथा प्रभावी क्रियान्वयन हेतु समन्वय को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया।
जिला जनसंपर्क कार्यालय
भागलपुर
22 views | Bhagalpur, Bihar | Sep 30, 2026