*सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को उज्जैन में होगा भव्य दीपोत्सव*
---
*प्रमुख घाटों एवं महाकाल लोक में 25 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे*
---
*7 सेक्टर एवं 250 सब-सेक्टर में होगी दीपोत्सव की व्यवस्थाएं, 22,500 वॉलंटियर्स संभालेंगे जिम्मेदारी*
---
उज्जैन, 12 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को उज्जैन शहर में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जिले के प्रमुख घाटों एवं महाकाल लोक में लाखों दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। दीपोत्सव की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में बैठक आयोजित हुई।
बैठक में स्मार्ट सिटी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नेहा जैन ने दीपोत्सव कार्यक्रम की रूपरेखा एवं तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के प्रमुख घाटों एवं महाकाल लोक में 25 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। दीपोत्सव का आयोजन 17 सितंबर की शाम 7 बजे किया जाएगा।
कार्यक्रम के लिए स्थानों को 7 सेक्टर एवं 250 सब-सेक्टर में विभाजित किया जाएगा। सात प्रमुख सेक्टरों में केदारेश्वर घाट, सुनहरी घाट, दत्त अखाड़ा, भूखी माता, महाकाल लोक कॉरिडोर तथा रामघाट के दो सेक्टर शामिल हैं। प्रत्येक सेक्टर में व्यवस्थाओं के लिए बड़ी संख्या में वॉलंटियर्स की तैनाती की जाएगी। कुल 22,500 वॉलंटियर्स दीप प्रज्ज्वलन एवं व्यवस्थाओं में सहयोग करेंगे।
कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि जिस वॉलंटियर की ड्यूटी जिस सेक्टर एवं सब-सेक्टर में निर्धारित की गई है, वह उसी स्थान पर अपनी ड्यूटी करें, ताकि व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। उन्होंने सभी सेक्टरों की कलर कोडिंग करने के निर्देश भी दिए, जिससे वॉलंटियर्स एवं आमजन को अपने निर्धारित क्षेत्र की पहचान करने में सुविधा हो।
कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दीपोत्सव को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से सम्पन्न कराने के लिए कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक व्यवस्था, स्वास्थ्य केंद्र, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने दीपकों के प्रज्ज्वलन के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं भी पूर्व से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का समयसीमा में निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हो सके।
इस दौरान नगर निगम कमिश्नर श्री अभिलाष मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांश कुमाथ,श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रशासक श्री प्रथम कौशिक, एडीएम श्री अतेंद्र सिंह गुर्जर एवं अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।