नासिक: आवारा कुत्तों के आतंक पर अनोखा प्रदर्शन; शिवसेना यूबीटी कार्यकर्ताओं ने अधिकारी के दफ्तर में छोड़े कुत्ते
महाराष्ट्र के नासिक जिले के निफाड़ शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक और प्रशासनिक निष्क्रियता के खिलाफ शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने निफाड़ नगर पंचायत कार्यालय पहुँचकर मुख्याधिकारी के दफ्तर में आवारा कुत्ते छोड़ दिए, जिससे दफ्तर में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई न होने से आक्रोशित हैं नागरिक
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शहर में आवारा कुत्तों के हमले और लोगों को काटने की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम नागरिक दहशत के साए में जीने को मजबूर हैं। बार-बार शिकायत करने के बावजूद नगर पंचायत प्रशासन की ओर से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
अधिकारी को नोटों की माला पहनाने का प्रयास
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवासेना जिला प्रमुख विक्रम रंधवे अपने कार्यकर्ताओं के साथ निफाड़ नगर पंचायत पहुंचे। विरोध जताते हुए उन्होंने मुख्याधिकारी धीरज भामरे के केबिन में आवारा कुत्ते छोड़ दिए और उन्हें नोटों की माला पहनाने का भी प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आवारा कुत्तों की समस्या से शहरवासियों को राहत नहीं दिलाई गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
Hardoi, Hardoi | Sep 18, 2026