39 साल बाद भी प्राथमिक स्तर तक सीमित स्कूल, सुरक्षा दीवार भी बनी चिंता का विषय
सलूणी। उपमंडल सलूणी की भडेला पंचायत के अंतर्गत आने वाले राजकीय प्राथमिक विद्यालय शुक्राह को खुले हुए 39 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन आज भी यह विद्यालय केवल प्राथमिक स्तर तक ही सीमित है। हैरानी की बात यह है कि लगभग 40 विद्यार्थियों की संख्या वाले इस विद्यालय में मात्र दो अध्यापक कार्यरत हैं, जबकि प्रधानाध्यापक (पीएम) का पद भी रिक्त है।
विद्यालय से प्राथमिक शिक्षा पूरी करने के बाद बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए लगभग डेढ़ घंटे की दूरी तय करनी पड़ती है। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने वर्षों बाद भी स्कूल का अपग्रेड न होना कई सवाल खड़े करता है। क्या यह स्थानीय लोगों की लापरवाही है या फिर प्रशासन की अनदेखी? आखिर क्यों यह विद्यालय पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित विभाग की नजरों से दूर रहा?
विद्यालय की सुरक्षा दीवार भी पिछले लगभग छह महीनों से क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी है। पंचायत में प्रस्ताव भेजे जाने के बावजूद अब तक इसकी मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि विद्यालय को जल्द से जल्द अपग्रेड किया जाए तथा सुरक्षा दीवार का निर्माण करवाया जाए, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
बड़ा सवाल: क्या ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन कोई ठोस कदम उठाएगा या यह विद्यालय आगे भी उपेक्षा का शिकार बना रहेगा?
– सुनील पहाड़ी, पहाड़ी न्यूज़ (ग्राउंड रिपोर्ट)
#PahadiNews #GroundReport #Salooni #BhadelaPanchayat #SchoolUpgrade #EducationForAll #ChambaNews #HimachalPradesh #Students #RuralEducation
Chamba, Chamba | Jun 17, 2026