#जुब्बल में विकास को मिली नई रफ्तार, 80 लाख से बनी चीवा कैंची-देवरा सड़क जनता को समर्पित
**शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किया 3 किलोमीटर लंबी सड़क का लोकार्पण, बोले- बागवानों और ग्रामीणों के लिए साबित होगी वरदान**
**जुब्बल, 23 नवंबर।** शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सोमवार को अपने गृह विधानसभा क्षेत्र जुब्बल-नावर-कोटखाई में 80 लाख रुपये की लागत से निर्मित 3 किलोमीटर लंबी चीवा कैंची से देवरा सड़क का लोकार्पण किया। लंबे समय से लंबित इस सड़क के निर्माण से देवरा सहित आसपास के गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इस सड़क को भविष्य में जुब्बल मुख्य बाजार से भी जोड़ा जाएगा।
इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए रोहित ठाकुर ने क्षेत्रवासियों को सड़क निर्माण की बधाई दी। उन्होंने कहा कि देवरा जुब्बल का एक प्रमुख गांव है और रियासती काल से इस सड़क का निर्माण लंबित था। पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल के कार्यकाल में इस सड़क का सर्वेक्षण हुआ था, लेकिन लंबे समय तक इसका निर्माण नहीं हो पाया। आज देवरा के लोगों का वर्षों पुराना सपना साकार हुआ है।
उन्होंने कहा कि इस सड़क का लाभ केवल देवरा गांव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि क्यारी, नेहनार और गुंतू के लोगों को भी इसका फायदा मिलेगा। विशेष रूप से सेब बागवानों के लिए यह सड़क वरदान साबित होगी, क्योंकि इससे बागवानी उत्पादों की आवाजाही और परिवहन में सुविधा मिलेगी।
**209वीं सड़क का निर्माण और पासिंग**
शिक्षा मंत्री ने बताया कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में यह निर्माण एवं सफल पासिंग के बाद 209वीं सड़क है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क और भवन निर्माण के विभिन्न कार्यों पर करीब 850 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अगले वर्ष के अंत तक विकास कार्यों का यह आंकड़ा 1000 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-705 (ठियोग-हाटकोटी) और राष्ट्रीय राजमार्ग-707 (हाटकोटी-पांवटा) की मरम्मत के लिए 75 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इन दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों को जल्द और बेहतर बनाया जाएगा।
**175 करोड़ के जल शक्ति विभाग के कार्य प्रगति पर**
रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में सड़कें विकास की भाग्य रेखाएं हैं। प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार, पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल और वीरभद्र सिंह ने भी सड़क निर्माण को प्राथमिकता दी थी। उनकी सरकार भी इसी दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि जुब्बल-नावर-कोटखाई में 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें से तीन स्वास्थ्य केंद्र जनता को समर्पित किए जा चुके हैं। वहीं, जल शक्ति विभाग के तहत 175 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं।
उन्होंने 38.08 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पब्बर नदी से उठाऊ पेयजल योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि 17 किलोमीटर लंबी इस परियोजना से विधानसभा क्षेत्र की करीब 23 पंचायतों को लाभ मिल रहा है। क्षेत्र में अन्य पेयजल परियोजनाओं पर भी कार्य जारी है।
**20 करोड़ से बन रहा शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान**
शिक्षा मंत्री ने बताया कि जुब्बल के डकैड़ में 20 करोड़ रुपये की लागत से शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान (SIEMAT) का निर्माण किया जा रहा है। यह क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण संस्थान होगा, जहां भविष्य में प्रदेश और देशभर के शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। इससे शिक्षा के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि जुब्बल स्थित स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स प्रदेश का पहला ऐसा खेल संस्थान है, जहां छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। वर्ष 1987 में स्थापित इस छात्रावास में पहले केवल वॉलीबॉल का प्रशिक्षण दिया जाता था, जबकि अब यहां आठ अलग-अलग खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां की छात्राओं ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इससे पूर्व क्यारी गांव के लोगों ने चिवा पुल के समीप शिक्षा मंत्री का स्वागत किया और सड़क निर्माण के लिए उनका आभार जताया। रोहित ठाकुर ने ग्रामीणों को बधाई देते हुए सड़क निर्माण के लिए भूमि दान करने वाले मुकेश अपटा का विशेष धन्यवाद किया।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, नगर पंचायत जुब्बल की अध्यक्ष अनिता चौहान, उपाध्यक्ष राजेश तेजता, पंचायत समिति अध्यक्ष कमलेश झगटा, उपाध्यक्ष लोकपाल शर्कोली, स्थानीय पंचायत के उपप्रधान चमन, यशोधर तानटा, राकेश शरखोली, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक काल्टा, तुषार गुप्ता, एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी सहित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
#HimachalPradesh #Jubbal #RohitThakur #RoadInauguration #Development #Shimla #AppleOrchard #HimachalNews #NewsUpdate