Bahraich -एपीएआर विवाद में मेडिकल कॉलेज प्रशासन सख्त, संकाय सदस्यों को 48 घंटे का अल्टीमेटम, मांगा स्पष्टीकरण
बहराइच। महाराजा सुहेल देव स्वायत्त राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं महर्षि बालार्क चिकित्सालय में एपीएआर यानी वार्षिक प्रदर्शन मूल्यांकन रिपोर्ट को लेकर संकाय सदस्यों और कॉलेज प्रशासन के बीच विवाद गहराता जा रहा है। 30 नवंबर को प्रस्तावित शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन से पहले ही कॉलेज प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित संकाय सदस्यों को नोटिस जारी कर 48 घंटे के भीतर जवाब मांगा है।
ये था मामला,,
बताया जा रहा है कि एपीएआर से जुड़ी समस्याओं के समाधान में देरी और कार्रवाई नहीं होने के आरोपों को लेकर संकाय सदस्यों ने 30 नवंबर को शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने की सूचना दी थी। इसी बीच दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद प्राचार्य कार्यालय की ओर से नोटिस जारी किए जाने का मामला सामने आया है।
प्रशासन ने लगाए अनुशासनहीनता के आरोप,,
प्राचार्य कार्यालय की ओर से जारी पत्र में धरना-प्रदर्शन की घोषणा और समस्याओं के समाधान के लिए बुलाई गई आधिकारिक बैठक में संकाय सदस्यों की अनुपस्थिति पर सवाल उठाए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि बिना पूरी तथ्यात्मक जानकारी के आरोप लगाना और विरोध-प्रदर्शन की घोषणा करना शासकीय सेवक के आचरण के प्रतिकूल है।
48 घंटे में देना होगा जवाब,,
प्राचार्य कार्यालय के मुताबिक एपीएआर से संबंधित प्रकरणों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में प्रमुख सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग और राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र को भी अवगत कराया गया है। नोटिस के जरिए संबंधित संकाय सदस्यों को 48 घंटे के भीतर बिंदुवार स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय में जवाब नहीं देने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
फिलहाल एपीएआर को लेकर मेडिकल कॉलेज में प्रशासन और संकाय सदस्यों के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है। अब बड़ा सवाल यह है कि 48 घंटे के अल्टीमेटम के बाद संकाय सदस्यों का अगला कदम क्या होगा? क्या 30 नवंबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन होगा या फिर दोनों पक्षों के बीच बातचीत से इस विवाद का समाधान निकल पाएगा?
Mahasi, Bahraich | Nov 29, 2026