➡️ 27 अगस्त को होगा खेलो इंडिया संवाद
➡️ युवाओं को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री मोदी, सागर में दो महाविद्यालयों में होगा आयोजन
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त 2026 को देशभर में ‘खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात PM के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय खेल दिवस प्रतिवर्ष 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। इस वर्ष कार्यक्रमों का आयोजन 27 अगस्त को व्यापक स्तर पर किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल क्षेत्र में हुए बदलाव एवं विकास से अवगत कराना तथा खेल एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर युवाओं के विचार एवं सुझाव प्राप्त करना है।
➡️ प्रधानमंत्री करेंगे युवाओं को संबोधित
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा। देशभर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों से जुड़े युवा एवं विद्यार्थी प्रधानमंत्री जी के संबोधन से सीधे जुड़ेंगे। इसके माध्यम से युवाओं को खेल, फिटनेस एवं युवा नेतृत्व के क्षेत्र में राष्ट्र की प्राथमिकताओं और उपलब्धियों से अवगत कराया जाएगा।
➡️ सागर में दो स्थानों पर होगा आयोजन
इसी क्रम में सागर जिले में दो महाविद्यालयों में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम इन्फिनिटी मैनेजमेंट कॉलेज, सागर तथा पीएम एक्सीलेंस कॉलेज, मकरोनिया, सागर में आयोजित होगा। दोनों स्थानों पर युवा एवं विद्यार्थी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे तथा केंद्रीय लाइव फीड के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री जी के वर्चुअल संबोधन से जुड़ेंगे। इन्फिनिटी मैनेजमेंट कॉलेज, सागर में आयोजित कार्यक्रम में माननीय डॉ. लता वानखेड़े जी, सांसद, सागर संसदीय क्षेत्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी तथा युवाओं को संबोधित करेंगी। प्रधानमंत्री जी के संबोधन के पश्चात स्थानीय खेल प्रतिभा एवं यूथ आइकॉन के बीच मॉडरेटेड डिस्कशन आयोजित किया जाएगा, जिसमें पिछले दस वर्षों में खेल अवसंरचना के विकास, खेल क्षेत्र में हुए बदलाव तथा आगामी ओलंपिक एवं कॉमनवेल्थ खेलों की तैयारियों पर चर्चा होगी। इसके पश्चात दोनों महाविद्यालयों में ‘युवा संवाद’ आयोजित किया जाएगा, जिसमें युवा अपने विचार, दृष्टिकोण एवं आकांक्षाएं साझा करेंगे। संवाद के दौरान युवाओं के नागरिक दायित्व, भविष्य के कौशल, स्वयंसेवा तथा MY Bharat को और अधिक प्रभावी मंच बनाने से संबंधित सुझाव भी लिए जाएंगे।
कार्यक्रम में MY Bharat स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता रहेगी। युवाओं को MY Bharat पोर्टल पर पंजीयन के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा तथा युवाओं से प्राप्त सुझावों को निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से आगे भेजा जाएगा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ होगा।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar
1 views | Sagar, Madhya Pradesh | Aug 25, 2026