जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में 'पीएम सूर्य घर' योजना की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न,
जिला पदाधिकारी शिवहर की अध्यक्षता में 'पीएम सूर्य घर' योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों एवं सोलर रूफटॉप के अधिष्ठापन (Installation) कार्यों की अद्यतन प्रगति को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिले में स्वच्छ ऊर्जा और नागरिकों की आर्थिक बचत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, जिला प्रशासन इस योजना को प्राथमिकता के आधार पर सफलतापूर्वक लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
योजना के कार्यों को और अधिक गति प्रदान करने के लिए, जिला पदाधिकारी द्वारा आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने विशेष रूप से आपूर्ति एवं VB-GRAM-G से सम्बंधित पदाधिकारियों को योजना के त्वरित और सफल क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे आपसी समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित करें कि आम जनता को इस योजना का लाभ बिना किसी कठिनाई के प्राप्त हो सके।
विदित हो कि योजना को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए जिले के सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों (BDO) को भी अपने-अपने प्रभार वाले क्षेत्रों में व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेते हुए अधिक से अधिक सोलर पैनल अधिष्ठापित कराने का लक्ष्य दिया गया है। साथ ही जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं निदेशक, DRDA को उक्त योजना के सम्बन्ध में आवश्यक कार्यवाही हेतु निदेशित किया।
योजना के तहत मिलने वाले अनुदानों का जिले में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इससे जुड़ सकें। अनुदान की स्थिति निम्नवत है:
1. 1 KW क्षमता तक: ₹30,000 (केंद्र) + ₹10,000 (राज्य) = कुल ₹40,000 का अनुदान
2. 2 KW क्षमता तक: ₹60,000 (केंद्र) + ₹20,000 (राज्य) = कुल ₹80,000 का अनुदान
3. 3 KW क्षमता तक: ₹78,000 (केंद्र) + ₹20,000 (राज्य) = कुल ₹98,000 का अनुदान
योजना से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण सुविधाएँ:
1. अतिरिक्त अनुदान की समय-सीमा: राज्य सरकार द्वारा दिए जा रहे अतिरिक्त अनुदान का विशेष प्रावधान केवल 31 मार्च 2027 तक के लिए ही किया गया है।
2. आसान ऋण (Loan) सुविधा: सोलर पैनल की स्थापना में नागरिकों की सुविधा के लिए आसान किस्तों पर मात्र 5.75% की ब्याज दर पर बैंक ऋण की व्यवस्था भी उपलब्ध है।
3. आवेदन प्रक्रिया: योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने और ऑनलाइन आवेदन करने के लिए नागरिक आधिकारिक वेबसाइट www.pmsuryaghar.gov.in पर विजिट कर सकते हैं अथवा सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 15555 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिला पदाधिकारी ने जोर देते हुए कहा कि इस योजना के सफल क्रियान्वयन से न केवल लोगों के घरों में मुफ्त बिजली पहुँचेगी, बल्कि शिवहर जिले में "हरित क्रांति" (Green Revolution) और स्वच्छ पर्यावरण को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। जिला प्रशासन, शिवहर नागरिकों को इस योजना के माध्यम से लाभान्वित करने के लिए पूरी तरह से संकल्पित है।