गुनसार मतदान केंद्र पर दिखी लोकतंत्र की खूबसूरत तस्वीर, पुलिसकर्मी ने बुजुर्ग को ट्राई साइकिल पर बैठाकर कराया मतदान महिलाओं की लगी लंबी कतार
हिंडौन सिटी (करौली)
हिंडौन क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुनसार में मतदान के दौरान लोकतंत्र और इंसानियत की एक बेहद प्रेरक तस्वीर सामने आई। मतदान केंद्र पर वोटिंग को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला।
मतदान केंद्र पर उस समय लोग भावुक हो गए जब एक 75 वर्षीय बुजुर्ग मतदाता चलने-फिरने में असमर्थ दिखे। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बुजुर्ग को ट्राई साइकिल पर बैठाया और सहारा देकर सीधे पोलिंग बूथ तक पहुंचाया। पुलिस के इस मानवीय सहयोग से बुजुर्ग ने आसानी से अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया और खाकी का आभार जताया।
वहीं दूसरी ओर, गुनसार पोलिंग बूथ पर महिला मतदाताओं में भी भारी जोश देखा गया। बड़ी संख्या में महिलाएं, जिनमें कई हिजाब पहने हुए थीं, कतारों में लगकर लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी निभाने पहुंचीं।मतदान केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और शांतिपूर्ण ढंग से मतदान प्रक्रिया जारी रही। पुलिस और प्रशासन के इस सेवा भाव की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।
Badgaon, Udaipur | Nov 5, 2026