“एक पौधा – एक संकल्प, स्वच्छ पर्यावरण – सुरक्षित भविष्य”
विश्व पर्यावरण दिवस पर माउंट मौर्या इंटरनेशनल स्कूल द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जोगिंद्रनगर/उमेश कुमार।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर माउंट मौर्या इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी वर्गों के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास किया।
जूनियर ब्लॉक के नर्सरी से सीनियर केजी तक के विद्यार्थियों को सयूरी माता मंदिर ले जाया गया, जहां बच्चों द्वारा पौधारोपण किया गया। साथ ही उन्हें पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं प्रकृति के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। छोटे बच्चों के लिए नर्सरी से जूनियर केजी तक एक लघु मैराथन का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय के सीनियर विंग (कक्षा 9वीं से 12वीं) के विद्यार्थियों ने सिविल अस्पताल जोगिंदर नगर से रेलवे फाटक जोगिंदर नगर तक एक विशाल जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोगों को स्वच्छ पर्यावरण, पौधारोपण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
वहीं कक्षा पांचवी से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने बस स्टैंड जोगिंदर नगर तथा रेवेन्यू ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, झलवान में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर पर्यावरण संरक्षण का प्रभावशाली संदेश दिया। विद्यार्थियों के अभिनय और संदेश को लोगों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक मनोज ठाकुर तथा प्रधानाचार्य योगेश ठाकुर ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा चलाए गए इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली जिम्मेदारी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विद्यार्थियों द्वारा शुरू किया गया यह जन-जागरूकता अभियान आने वाले वर्षों में भी इसी प्रकार जारी रहेगा और समाज को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करता रहेगा।