कोसमी में घरों पर बुलडोजर चलने से भड़के शिवराज, मुख्य सचिव को फोन कर जताई नाराजगी
पीड़ित परिवारों से मिले केंद्रीय कृषि मंत्री, बोले- गरीबों को बेघर करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा; टूटे घर दोबारा बनवाने और तत्काल राहत का दिया भरोसा
अनोखा तीर, बुधनी। बुधनी विधानसभा क्षेत्र के कोसमी गांव में वन विभाग और प्रशासन की कार्रवाई के दौरान गरीब परिवारों के घर तोड़े जाने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। रविवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। घरों को तोड़े जाने, मक्के और तुअर की फसलें नष्ट होने तथा पानी के लिए उपयोग किए जाने वाले कुएं को मिट्टी से भर दिए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। मौके पर वन विभाग और प्रशासन के किसी वरिष्ठ अधिकारी के मौजूद नहीं होने पर भी उन्होंने सवाल उठाए।
मुख्य सचिव को फोन कर जताई नाराजगी
पीड़ित परिवारों से बातचीत के बाद शिवराज सिंह चौहान ने घटनास्थल से ही मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को फोन किया और पूरे मामले की जानकारी देते हुए अपनी नाराजगी दर्ज कराई। उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को भी फोन कर प्रभावित परिवारों की स्थिति से अवगत कराया। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वे इस मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी चर्चा करेंगे।
गरीबों के घर तोड़ने वालों को नहीं बख्शेंगे
केंद्रीय कृषि मंत्री ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गरीब परिवारों को बेघर करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जिन परिवारों के घर तोड़े गए हैं, उनके लिए नए घर बनवाए जाएंगे। स्थायी आवास की व्यवस्था होने तक उनके रहने और खाने-पीने की अस्थायी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
फसलें नष्ट करने और कुएं को भरने पर जताया विरोध
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कार्रवाई में केवल गरीब परिवारों के आशियाने ही नहीं उजड़े, बल्कि उनकी आजीविका पर भी चोट पहुंची है। मक्के और तुअर की फसलों को नष्ट करना तथा सिंचाई और पीने के पानी के लिए उपयोग होने वाले कुएं को मिट्टी से भर देना बेहद शर्मनाक है। इससे प्रभावित परिवारों के सामने आवास के साथ-साथ भोजन और पानी जैसी बुनियादी जरूरतों का संकट भी खड़ा हो गया है।
उन्होंने पीड़ितों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान और तत्काल राहत के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। कोसमी में हुई कार्रवाई को लेकर केंद्रीय मंत्री की नाराजगी के बाद अब सभी की नजरें प्रशासनिक स्तर पर होने वाली आगामी कार्रवाई और प्रभावित परिवारों को मिलने वाली राहत पर टिकी हैं।
Harda, Harda | Oct 12, 2026