फरीदाबाद के 70 स्कूल ब्लैकलिस्ट...
हरियाणा सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य के 22 जिलों के 1107 निजी स्कूलों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। इन स्कूलों को नए शैक्षणिक सत्र में दाखिले लेने से तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। शिक्षा विभाग के अनुसार यह कार्रवाई उन निजी स्कूलों के खिलाफ की गई है, जिन्होंने बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद मान्यता और शिक्षा का अधिकार (RTE) से जुड़े नियमों का पालन नहीं किया। 2026-27 सत्र के लिए इन स्कूलों को एमआईएस (MIS) पर ब्लॉक कर दिया गया है।
शिक्षा निदेशालय के मुताबिक संबंधित स्कूलों से कई बार मान्यता संबंधी दस्तावेज, एनओसी और अन्य जरूरी रिकॉर्ड मांगे गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा के बावजूद कई स्कूलों ने आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं किए। इसके अलावा आरटीई के तहत निर्धारित प्रावधानों का पालन नहीं करने पर भी विभाग ने सख्त रुख अपनाया।
जिला स्तर पर जारी रिपोर्ट के अनुसार सबसे अधिक कार्रवाई कैथल में हुई, जहां 162 निजी स्कूल ब्लैकलिस्ट किए गए। इसके बाद गुरुग्राम में 99, हिसार में 98 और पानीपत में 92 स्कूलों पर कार्रवाई की गई। अन्य जिलों के भी कई निजी स्कूल इस सूची में शामिल हैं।
शिक्षा विभाग का कहना है कि नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। जिन स्कूलों को ब्लैकलिस्ट किया गया है, वे नए प्रवेश नहीं ले सकेंगे। वहीं, प्रभावित विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए विभाग आवश्यक कदम उठाएगा और जरूरत पड़ने पर उन्हें नजदीकी मान्यता प्राप्त या सरकारी स्कूलों में समायोजित करने पर विचार किया जाएगा।