*केंद्रीय कारा, मोतिहारी में बंदियों द्वारा हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है छठ महापर्व; जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया व्यवस्थाओं का अवलोकन*
लोक आस्था के महापर्व छठ के
पावन अवसर पर केंद्रीय कारा, मोतिहारी में निरुद्ध बंदियों के द्वारा पूरे भक्तिभाव और विधि-विधान के साथ छठ पूजा की जा रही है। कारा प्रशासन की ओर से छठ व्रती बंदियों की सुविधा, स्वच्छता और धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए कारा परिसर के भीतर ही कृत्रिम छठ घाट और पूजा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी (DM) एवं पुलिस अधीक्षक (SP) ने केंद्रीय कारा, मोतिहारी पहुंचकर छठ पूजा की तैयारियों और व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारा परिसर में निर्मित छठ घाट की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और व्रतियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर का कारा अधीक्षक के द्वारा बताया गया कि इस बार कुल 137 बंदियों के द्वारा छठ पूजा की जा रही है, इनमें 75 महिलाएं एवं 62 पुरुष शामिल हैं।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कारा अधीक्षक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व के दौरान स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि छठ व्रती बंदियों को अर्घ्य देने और पूजा-अर्चना करने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
डीएम और एसपी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से बंदियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और उनके सुधार एवं पुनर्वास की दिशा में मदद मिलती है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Samrat Choudhary Motihari Police