📍कटिहार में शादी के 24 घंटे के भीतर उजड़ा सुहाग, रिसेप्शन में स्टेज पर गिरते ही दूल्हे की मौत
कटिहार। बिहार के कटिहार जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब रिसेप्शन के दौरान अचानक दूल्हे की मौत हो गई। घटना के बाद नवविवाहिता और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, पटना में पदस्थापित डॉ. पवन कुमार (मूल निवासी पोठिया बाजार, वार्ड संख्या-13) की शादी 25 नवंबर को पड़ोस के गांव चांदपुर में हुई थी। 26 नवंबर को उनके घर पर रिसेप्शन समारोह आयोजित किया गया था। इस दौरान बड़ी संख्या में रिश्तेदार और ग्रामीण शामिल हुए थे। बताया जाता है कि रिसेप्शन के दौरान दूल्हा-दुल्हन का स्टेज पर फोटोशूट चल रहा था। फोटोशूट समाप्त होने के तुरंत बाद डॉ. पवन अचानक स्टेज पर ही गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, डॉ. पवन के बड़े भाई श्रवण कुमार ने बताया कि उन्हें पहले से किसी बीमारी की जानकारी नहीं थी। वे स्वयं भी BHMS डॉक्टर थे। प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह गंभीर हार्ट संबंधी समस्या या कार्डियक अरेस्ट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हुई है। शादी के अगले ही दिन हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक शादी और रिसेप्शन की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब चीख-पुकार मची है।
#KatiharNews #BiharNews #कटिहार #बिहारन्यूज #Purnia #Patna
Kahara, Saharsa | Nov 28, 2026