#नालंदा - #अतिक्रमण मुक्त होगा #हरनौत #नगर #पंचायत
प्रशासन के द्वारा जल्द ही चलाएगा विशेष अभियान
सड़क, नाला और सार्वजनिक जमीन पर किए गए अतिक्रमण हटेंगे, जुर्माना भी वसूला जाएगा;
प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ छापेमारी और दुकानदारों को डस्टबिन रखने का निर्देश
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
हरनौत नगर पंचायत क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पंचायत प्रशासन ने विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। कार्यपालक पदाधिकारी सौरभ सुमन के निर्देशन में अभियान की तैयारी की जा रही है। इसके तहत सड़क, नाला, सरकारी जमीन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किए गए सभी प्रकार के अतिक्रमण को हटाया जाएगा। अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ नियमानुसार जुर्माना भी वसूला जाएगा।
नगर पंचायत की ओर से जारी सूचना के अनुसार, मकान और भवन निर्माण के दौरान सड़क की ओर निकाली गई सीढ़ी, छज्जा, पिलर, पहुंची अथवा अन्य स्थायी-अस्थायी संरचनाओं को हटाया जाएगा। इसके अलावा दुकानदारों द्वारा सड़क पर सामान फैलाकर किए गए अतिक्रमण, ठेला-खोमचा लगाने तथा सड़क और नाले के ऊपर किए गए निर्माण या कब्जे पर भी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के लिए गठित होगी विशेष टीम
अतिक्रमण हटाओ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए नगर पंचायत स्तर पर विशेष टीम का गठन किया जाएगा। टीम में संबंधित पदाधिकारी और कर्मियों को शामिल किया जाएगा। आवश्यक उपकरणों के साथ टीम मौके पर मौजूद रहेगी और चिह्नित स्थानों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगी। अभियान के दौरान अतिक्रमण हटाने के साथ दंड राशि की वसूली भी की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर पंचायत प्रशासन ने सभी अतिक्रमणकारियों से अपील की है कि अभियान शुरू होने से पहले सड़क, नाला और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अपने-अपने अतिक्रमण को स्वयं हटा लें। प्रशासन का कहना है कि लोगों के सहयोग से अभियान को सकारात्मक और प्रभावी तरीके से पूरा किया जा सकेगा।
प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ भी जारी रहेगी छापेमारी
अतिक्रमण हटाने के साथ नगर पंचायत प्रशासन प्रतिबंधित प्लास्टिक और पॉलिथीन के खिलाफ भी छापेमारी अभियान चलाएगा। नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी ने इस संबंध में पत्र जारी किया है। सब्जी विक्रेताओं और अन्य दुकानदारों को दुकान के पास डस्टबिन रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैले। प्रशासन ने दुकानदारों से प्रतिबंधित पॉलिथीन का इस्तेमाल नहीं करने और ग्राहकों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की है।
इन इलाकों में अतिक्रमण से जाम की समस्या
नगर पंचायत क्षेत्र के सार्वजनिक मार्गों पर दुकानदारों और अन्य लोगों द्वारा सड़क किनारे सामान फैलाने तथा अस्थायी दुकानें लगाने के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है। इससे वाहनों और पैदल राहगीरों के आवागमन में परेशानी होती है। कई स्थानों पर अतिक्रमण के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।
रांची रोड, फुटबॉल स्टेडियम के किनारे, डाक-बंगला रोड, गोनावां रोड, बीच बाजार और चंडी मोड़ रोड सहित कई प्रमुख स्थानों पर अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है। इन इलाकों में सड़क किनारे दुकानें, ठेला-खोमचा और सामान रखे जाने से लोगों को आवागमन में कठिनाई होती है।
सड़क और नालों को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील
नगर पंचायत प्रशासन ने दुकानदारों से सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर सामान फैलाकर नहीं रखने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि बाजार की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित रखने के लिए सभी लोगों का सहयोग जरूरी है। निर्धारित सीमा के अंदर रहकर कारोबार करने से यातायात व्यवस्था बेहतर रहेगी और आम लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
प्रशासन ने आम लोगों से भी सार्वजनिक सड़कों और नालों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करने की अपील की है, ताकि शहर में आवागमन सुचारु रहे और जलनिकासी की व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
Rahui, Nalanda | Sep 10, 2026